1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WPL 2026 के मेगा ऑक्शन से पहले ये 5 बड़ी क्रिकेटर हुईं रिलीज, लिस्ट में एक भारतीय

WPL 2026 के मेगा ऑक्शन से पहले ये 5 बड़ी क्रिकेटर हुईं रिलीज, लिस्ट में एक भारतीय

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Nov 06, 2025 11:51 pm IST,  Updated : Nov 06, 2025 11:53 pm IST

WPL 2026 मेगा ऑक्शन से पहले 5 दिग्गज खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया गया है, जिनमें एक भारतीय स्टार ऑलराउंडर भी शामिल है।

WPL 2026- India TV Hindi
WPL 2026 रिटेंशन Image Source : AP

WPL 2025: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के 2026 मेगा ऑक्शन से पहले सभी फ्रेंचाइजियों ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी कर दी है। इस बार कई चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं। जहां भारत की वर्ल्ड कप विजेता स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्स और शेफाली वर्मा को उनकी-उनकी टीमों ने रिटेन किया है, वहीं कई दिग्गज विदेशी खिलाड़ी रिलीज कर दी गई हैं। मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) दोनों ने अधिकतम पांच-पांच खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। मुंबई इंडियंस ने अपनी कप्तान हरमनप्रीत कौर, ऑलराउंडर नैट साइवर-ब्रंट, हेले मैथ्यूज, अमनजोत कौर, और युवा खिलाड़ी जी कमलिनी को रिटेन किया है।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने जेमिमा रॉड्रिग्स, शेफाली वर्मा, मरिजाने कैप, एनेबेल सुदरलैंड और निकी प्रसाद को टीम में बनाए रखा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी कप्तान स्मृति मंधाना, एलिस पैरी, ऋचा घोष, और श्रेयंका पाटिल को रिटेन किया है। गुजरात जायंट्स (GG) ने एश्ले गार्डनर और बेथ मूनी को टीम में बनाए रखा है। वहीं UP वॉरियर्ज (UPW) ने सिर्फ युवा खिलाड़ी श्वेता सेहरावत को बरकरार रखा है। इससे उनके पास सबसे बड़ा पर्स ₹14.5 करोड़ बचा है, जिससे वे ऑक्शन में कई बड़ी बोली लगा सकती हैं। आइए जानते हैं मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज की गई 5 स्टार क्रिकेटर...

रिलीज हुईं 5 बड़ी स्टार खिलाड़ी

मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया)

दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी कप्तान मेग लैनिंग को ही रिलीज कर दिया है। लैनिंग ने DC को लगातार तीन फाइनल में पहुंचाया था। ₹1.1 करोड़ में खरीदी गई यह ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज अब ऑक्शन में सबसे ज्यादा मांग वाली खिलाड़ी हो सकती हैं।

सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड)

UP वॉरियर्ज ने इंग्लैंड की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को भी रिलीज़ कर दिया है। अब तक 25 मैचों में 36 विकेट लेने वाली एक्लेस्टोन को ₹1.8 करोड़ में खरीदा गया था। उनका इकॉनमी रेट 6.68 रहा है और ऑक्शन में उन पर बड़ी बोली लगने की उम्मीद है।

दीप्ति शर्मा (भारत)

UP वॉरियर्ज का सबसे चौंकाने वाला फैसला रहा दीप्ति शर्मा को रिलीज करना। ₹2.6 करोड़ में खरीदी गई दीप्ति ने WPL 2025 में टीम की कप्तानी की थी। उन्होंने 25 मैचों में 507 रन बनाए और 27 विकेट भी लिए। वह महिला वर्ल्ड कप की “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” भी रहीं। इसके बावजूद उन्हें रिलीज कर दिया गया। अब वे दोबारा ऑक्शन में उतरेंगी।

एलिसा हीली (ऑस्ट्रेलिया)

UP वॉरियर्ज ने अपनी कप्तान एलिसा हीली को भी रिलीज कर दिया। ₹70 लाख में खरीदी गई हीली ने 17 मैचों में 428 रन बनाए, लेकिन चोट के कारण पिछला सीजन मिस किया। हाल ही में वर्ल्ड कप में लगातार दो शतक लगाने के बाद वे ऑक्शन में हॉट पिक होंगी।

लौरा वोल्वार्ड्ट (साउथ अफ्रीका)

गुजरात जायंट्स ने कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट को रिलीज किया है। ₹30 लाख में खरीदी गई वोल्वार्ड्ट ने 13 मैचों में 342 रन बनाए थे, लेकिन टीम में उन्हें लगातार मौके नहीं मिले। वर्ल्ड कप 2025 में लगातार दो शतक लगाने के बाद अब वे भी ऑक्शन में बड़ी बोली की दावेदार होंगी।

यह भी पढ़ें

IND vs AUS: भारत के खिलाफ दो टी20 शतक लगाने वाले धाकड़ खिलाड़ी की वापसी, बचके रहे टीम इंडिया

IND vs AUS: चौथे टी20 मैच से पहले सामने आई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की टेंशन, बताया किस बड़ी चुनौती के लिए हो रहे हैं तैयार

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल