1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WTC Final: ओवल में टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी! इस खिलाड़ी से रहना होगा भारत को सावधान

WTC Final: ओवल में टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी! इस खिलाड़ी से रहना होगा भारत को सावधान

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Jun 03, 2023 11:13 am IST,  Updated : Jun 03, 2023 11:27 am IST

लंदन के ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम का मुकाबला WTC फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होना है। उस मैच में एक कंगारू खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है।

WTC Final- India TV Hindi
WTC Final: टीम इंडिया को रहना होगा सावधान Image Source : INDIA TV

भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार 7 जून से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लंदन के ओवल मैदान पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलने उतरेगी। टीम इंडिया का WTC में यह लगातार दूसरा फाइनल होगा। पिछली बार 2021 में न्यूजीलैंड से हारकर भारतीय टीम को रनर अप बनकर संतोष करना पड़ा था। इस बार रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम 10 साल के आईसीसी ट्रॉफी के इंतजार को खत्म करने उतरेगी। उससे पहले अगर केनिंग्टन ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर कुछ खिलाड़ियों को रिकॉर्ड पर गौर करें तो एक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी बन सकता है। वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा उस खिलाड़ी से काफी पीछे हैं।

दरअसल हम बात कर रहे हैं ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की जो ओवल ग्राउंड पर टीम इंडिया के लिए खतरा बन सकते हैं। यहां उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उनका औसत भी इस ग्राउंड पर करीब 100 का है। उन्होंने यहां तीन मैच खेले हैं और पांच पारियों में उनके नाम 97.75 की औसत से 391 रन दर्ज हैं। उन्होंने यहां दो शतक और एक अर्धशतक जड़ा है। वहीं विराट कोहली का औसत यहां 28.16 का है तो रोहित शर्मा ने 69 की औसत से इस मैदान पर रन बनाए हैं। यानी स्मिथ इन दोनों ही खिलाड़ियों से काफी आगे हैं।

Steve Smith
Image Source : PTISteve Smith

भारत के खिलाफ स्मिथ का खतरनाक रिकॉर्ड

इतना ही नहीं स्टीव स्मिथ का टीम इंडिया के खिलाफ भी टेस्ट में शानदार रिकॉर्ड है। उन्होंने भारत के खिलाफ अब तक 18 टेस्‍ट मैचों में 65.06 की औसत से 1887 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से भारतीय टीम के खिलाफ कुल 8 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। स्मिथ के पूरे टेस्ट करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 96 टेस्‍ट मैच खेलते हुए 59.80 की औसत से 8792 रन बनाए हैं। उनके नाम टेस्ट में 30 शतक और 37 अर्धशतक भी दर्ज हैं। लेकिन एक सकारात्मक पॉइंट टीम इंडिया के लिए जो है वो यह कि हाल ही में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उसे देखते हुए भारतीय टीम को खुश होने का मौका मिल सकता है। पर यह ध्यान रखना होगा कि इंग्लैंड की परिस्थितियां भारतीय परिस्थितियों से काफी अलग हैं।

Virat Kohli, Rohit Sharma
Image Source : GETTYVirat Kohli, Rohit Sharma

क्या हैं रोहित और विराट के आंकड़े?

अगर विराट कोहली और रोहित शर्मा की बात करें तो इन दोनों खिलाड़ियों के कंधे पर पूरे भारत के सपने होंगे। ओवल के मैदान पर रोहित ने एक टेस्ट मैच खेला है और साल 2021 में उन्होंने शतक भी लगाया था। उनके नाम यहां 2 पारियों में 138 रन दर्ज हैं और 127 उनका बेस्ट स्कोर है। उधर विराट का प्रदर्शन इस मैदान पर कुछ खास नहीं रहा है। हालांकि, आखिरी टेस्ट जो टीम इंडिया ने यहां जीता था उसमें विराट कप्तान थे और उनके बल्ले से 44 और 50 (94) रन निकले थे। उन्होंने यहां कुल 3 मैचों 169 रन बनाए हैं जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है। ऐसे में विराट को इस मैदान पर अपने प्रदर्शन को सुधारना होगा और उनका हालिया फॉर्म इस ओर इशारा भी कर रहा है।

यह भी पढ़ें:-

WTC Final: ओवल में आग उगलेगा रोहित शर्मा का बल्ला! रिकॉर्ड में हिटमैन से पीछे हैं किंग कोहली

WTC Final: अगर रद्द, ड्रॉ या टाई हुआ फाइनल मैच, भारत या ऑस्ट्रेलिया कौन बनेगा विनर? जानें सभी नियम

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल