भारतीय टीम 20 जून से इंग्लैंड के दौरे का आगाज करेगी जिसमें उसे 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला हेडिंग्ले के मैदान पर खेलना है। इस सीरीज की तैयारी को लेकर प्रमुख स्क्वाड का हिस्सा कुछ खिलाड़ी पहले ही इंग्लैंड पहुंच गए हैं, जिसमें वह इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच खेली जा रही 2 टेस्ट मैचों की अनऔपचारिक सीरीज में खेल रहे हैं। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला नॉर्थेम्प्टन के मैदान पर 6 जून से खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सिर्फ 17 रन बनाकर आउट हो गए। जायसवाल को जब अंपायर ने एलबीडब्ल्यू आउट दिया तो उन्होंने फैसले को लेकर काफी नाराजगी भी जाहिर की।
अंपायर के फैसले पर गुस्सा जाहिर करते दिखे यशस्वी जायसवाल
इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दूसरे अनऔपचारिक टेस्ट मैच में इंडिया-ए टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला जिसमें ओपनिंग में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की जोड़ी पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरी। दोनों ने शुरुआती ओवर्स में संभलकर खेला जिसमें जायसवाल 26 गेंदों का सामना करने के बाद 2 चौके लगाकर 17 रन बनाने के बाद क्रिस वोक्स की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। अंपायर ने जब जायसवाल को आउट करार दिया तो उसके बाद वह इस फैसले को लेकर काफी गुस्से में नजर आए जिसमें थोड़ी देर के लिए अपनी जगह पर खड़े होकर अंपायर को घूरते रहे और कुछ देर तक वह ऐसे ही खड़े रहने के बाद गुस्से में पवेलियन की तरफ मुड़कर फिर चले गए।
टेस्ट सीरीज में जायसवाल का फॉर्म टीम इंडिया के लिए रहेगा काफी अहम
यशस्वी जायसवाल ने जबसे टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया है उसके बाद से उनका लगातार बल्ले से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी जायसवाल ने अपने प्रदर्शन से सभी को काफी प्रभावित भी किया था। अब अपने करियर में पहली बार यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड में टेस्ट मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे, जहां पर स्विंग गेंदबाजी का सामना करना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान काम नहीं होता है। ऐसे में जायसवाल किस तरह से इस चुनौती का सामना करते हैं इस पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। वहीं टीम इंडिया के लिए यशस्वी का प्रदर्शन टेस्ट सीरीज में काफी अहम रहने वाला है।
ये भी पढ़ें
टेस्ट स्क्वाड का हुआ ऐलान, CSK टीम के प्लेयर को मिला मौका, 5 अनकैप्ड खिलाड़ी चुने गए