भारतीय टीम के लिए एक समय लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में स्पिन गेंदबाज के तौर पर मुख्य भूमिका निभाने वाले लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल पिछले काफी समय से अपनी वापसी को लेकर लगातार कोशिश कर रहे हैं। चहल ने अब इसको लेकर एक बड़ा फैसला लिया है, जिसमें वह अगले साल इंग्लैंड में होने वाली काउंटी चैंपियनशिप में एकबार फिर से खेलते हुए नजर आने वाले हैं। चहल ने साल 2026 के काउंटी सीजन के लिए नॉर्थैम्प्टनशर काउंटी क्रिकेट क्लब से करार किया है।
नॉर्थैम्प्टनशर के लिए वनडे कप और काउंटी चैंपियनशिप में खेलेंगे चहल
युजवेंद्र चहल काउंटी सीजन में पिछले 2 साल से नॉर्थैम्प्टनशर क्लब की तरफ से ही खेल रहे थे, जिसमें लगातार तीसरे सीजन के लिए करार होने की जानकारी खुद नॉर्थैम्प्टनशर काउंटी क्रिकेट क्लब ने एक्स पर पोस्ट करते हुए दी। चहल ने इससे पहले पिछले 2 काउंटी सीजन में नॉर्थैम्प्टनशर की तरफ से खेलते हुए कुल 31 विकेट हासिल किए थे। एक्स पर चहल को तीसरे सीजन के लिए अपने क्लब का हिस्सा बनाने की जानकारी देते हुए नॉर्थैम्प्टनशर ने कहा कि 7 साल के इंटरनेशनल करियर में भारत के लिए 217 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर के जुड़ने से उसे अपने अगले सीजन के अभियान में बड़ा फायदा मिलेगा।
चहल ने अगस्त 2023 में खेला था आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला
नॉर्थैम्प्टनशर के साथ लगातार तीसरे सीजन जुड़ने के बाद युजवेंद्र चहल ने भी अपनी खुशी को जाहिर किया जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि मैं एक बार फिर से नॉर्थैम्प्टनशर के लिए खेलूंगा। ये अब मेरे लिए दूसरा घर बन चुका है और मुझे यहां खेलना काफी पसंद है। बता दें कि चहल ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला साल 2023 में अगस्त महीने में खेला था, जिसके बाद से वह अभी तक टीम इंडिया में वापसी करने में कामयाब नहीं हो सके हैं। चहल ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में जहां 96 विकेट हासिल किए हैं तो वहीं वनडे में वह 121 विकेट हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा चहल का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में गेंद से रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें उन्होंने 44 मैचों में 34.94 के औसत से 127 विकेट हासिल किए हैं।
ये भी पढ़ें
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, भारत में ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज
VIDEO-कुलदीप यादव ने फेंकी ऐसी गेंद, हक्का-बक्का रह गया विरोधी बल्लेबाज; लौटना पड़ा पवेलियन