BAN vs ZIM: बांग्लादेश के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए जिम्बाब्वे ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम की कमान पहली बार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारावा को सौंपी गई है। 28 साल के नगारावा टेस्ट क्रिकेट में पहली बार जिम्बाब्वे की कप्तानी करते नजर आएंगे। यह मुकाबला रविवार से हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। खास बात यह है कि पिछले साल अक्टूबर में इसी मैदान पर जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान को एक पारी और 73 रन से हराकर यादगार जीत दर्ज की थी। अब टीम उसी सफलता को दोहराने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी।
अफगानिस्तान के खिलाफ जीत के हीरो थे नगारावा
अफगानिस्तान के खिलाफ मिली बड़ी जीत में रिचर्ड नगारावा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके थे। उनके अलावा बेन करन ने शतक जड़ा था, जबकि ब्रैड इवांस ने भी पांच विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। बांग्लादेश के खिलाफ चुनी गई टीम में पांच ऐसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जो अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए टेस्ट का हिस्सा नहीं थे। इनोसेंट काया, ग्रेम क्रेमर, तादिवानाशे मारुमानी, वेस्ली मधेवेरे और न्यूमैन न्यामहुरी ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में वापसी की है।
सिकंदर रजा नहीं होंगे उपलब्ध
जिम्बाब्वे को इस मुकाबले में अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक सिकंदर रजा की कमी खलेगी। रजा को इंग्लैंड में काउंटी क्लब वॉर्सेस्टरशायर के लिए 2026 वाइटैलिटी ब्लास्ट में खेलने की अनुमति दी गई है, जिसके कारण वह इस टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं होंगे।जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच टेस्ट क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा लगातार रोचक होती जा रही है। दोनों टीमें पिछली बार अप्रैल-मई 2025 में बांग्लादेश में दो मैचों की टेस्ट सीरीज में आमने-सामने आई थीं। वह सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई थी। उस सीरीज के पहले टेस्ट में जिम्बाब्वे ने तीन विकेट से शानदार जीत दर्ज कर चार साल बाद टेस्ट क्रिकेट में जीत का स्वाद चखा था। हालांकि, दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने वापसी करते हुए सीरीज बराबर कर ली थी। अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के मिश्रण से सजी जिम्बाब्वे की टीम अब घरेलू सत्र की मजबूत शुरुआत करने और बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
बांग्लादेश के खिलाफ जिम्बाब्वे की टेस्ट टीम: रिचर्ड नगारावा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, तनाका चिवांगा, ग्रेम क्रेमर, बेन करन, क्रेग एर्विन, ब्रैड इवांस, इनोसेंट काया, रॉय काया, वेस्ली मधेवेरे, तादिवानाशे मारुमानी, ब्लेसिंग मुजरबानी, न्यूमैन न्यामहुरी, ब्रेंडन टेलर और तफाद्जवा त्सिगा।