1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2021 | ऋषभ पंत ने सुपर ओवर में अक्षर पटेल पर खेला जुआ, खिलाड़ी ने ये कारनामा कर रचा इतिहास

IPL 2021 | ऋषभ पंत ने सुपर ओवर में अक्षर पटेल पर खेला जुआ, खिलाड़ी ने ये कारनामा कर रचा इतिहास

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 26, 2021 07:36 am IST,  Updated : Apr 26, 2021 07:36 am IST

पंत ने सुपर ओवर में बड़ा जुआ खेलते हुए अक्षर पटेल से गेंदबाजी करवाई जबकि टीम में कगिसो रबाडा और आर अश्विन जैसे अनुभवी गेंदबाज भी मौजूद थे।

Rishabh Pant Gamble In Super Over Axar Patel Against Sunrisers Hyderabad SRH vs DC IPL 2021- India TV Hindi
Rishabh Pant Gamble In Super Over Axar Patel Against Sunrisers Hyderabad SRH vs DC IPL 2021 Image Source : IPLT20.COM

आईपीएल 2021 का पहला सुपर ओवर मुकाबला रविवार रात सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। सुपर ओवर में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसी के सामने 8 रन का लक्ष्य रखा था जिसे पंत और धवन की जोड़ी ने हासिल कर अपनी टीम को जीत दिलाई। दिल्ली की इस जीत में जितना अहम योगदान पंत और धवन का था उतना ही योगदान अक्षर पटेल का था।

पंत ने सुपर ओवर में बड़ा जुआ खेलते हुए अक्षर पटेल से गेंदबाजी करवाई जबकि टीम में कगिसो रबाडा और आर अश्विन जैसे अनुभवी गेंदबाज भी मौजूद थे। पंत ने अक्षर को गेंदबाज शायद इसलिए सौंपी क्योंकि सामने बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर मौजूद थे। अक्षर पटेल ने अपने इस ओवर में मात्र एक चौका देते हुए कुल 7 रन खर्च किए।

अक्षर इसी ओवर के साथ आईपीएल के इतिहास में सुपर ओवर डालने वाले 5वें स्पिनर बन गए। अक्षर से पहले अजंता मेंडिस, मुथैया मुरलीधरन, सुनील नरेन और राशिद खान आईपीएल में सुपर ओवर डाल चुके हैं, लेकिन कोई भी गेंदबाज अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाया था।

लेकिन अक्षर पटेल ने यह कारनामा कर टीम को जीत दिलाई। दिल्ली ने आखिरी गेंद पर सुपर ओवर मुकाबला जीता और हैदराबाद को हार का स्वाद चखाया।

वहीं हैदराबाद की ओर से राशिद खान ने तीसरी बार सुपर ओवर में गेंदबाजी की। राशिद अब जसप्रीत बुमराह (4) के बाद आईपीएल में सबसे ज्यादा सुपर ओवर डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं।

आईपीएल में सबसे ज्यादा सुपर ओवर डालने वाले गेंदबाज

4 जसप्रीत बुमराह
3 राशिद खान *
2 मोहम्मद शमी
2 जेम्स फॉकनर
2 कगिसो रबाडा

इसी के साथ आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब सुपर ओवर में दोनों ही टीमों ने स्पिनर का इस्तेमाल किया हो। इससे पहले किसी भी सुपर ओवर मुकाबले में गेंदबाजी दोनों स्पिनर ने नहीं की थी।

बात मुकाबले की करें तो दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पृथ्वी शॉ (53) के अर्धशतक की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम भी 159 रन ही बना सकी। हैदराबाद की ओर से केन विलियमसन ने 66 रन की नाबाद पारी खेली थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल