शिवम दुबे (95) और रॉबिन उथप्पा (88) के बाद महीस तीक्षाणा (4/33) की धारदार गेंदबाजी की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स को 23 रन से हरा दिया। इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में सीएसके की पांच मैचों में से यह पहली जीत थी। इससे पहले टीम को लगातार चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं फाफ डुप्लेसी की कप्तानी वाली आरसीबी की टीम को टूर्नामेंट में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है।
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके की टीम ने शुरुआती विकेट गंवाने के बाद शिवम और उथप्पा के बीच रिकॉर्ड 156 रनों की साझेदारी की मदद से निर्धारित 20 ओवर के खेल में 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में आरसीबी की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 193 रन ही बना सकी।