1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. DC vs LSG : लखनऊ सुपर जाएंट्स और ​दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच होगा बहुत खास

DC vs LSG : लखनऊ सुपर जाएंट्स और ​दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच होगा बहुत खास

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 06, 2022 04:03 pm IST,  Updated : Apr 06, 2022 04:03 pm IST

किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखने वाले केएल राहुल और रिषभ पंत आईपीएल के शुरुआती चरण में ही अपनी टीम का पलड़ा भारी रखने का प्रयास करेंगे। 

Rishabh Pant- India TV Hindi
Rishabh Pant Image Source : PTI

Highlights

  • लखनऊ सुपर जाइंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा गुरुवार को मैच
  • अपनी अपनी टीमों के कप्तान केएल राहुल और रिषभ पंत होंगे आमने सामने
  • दोनों टीमों के लिए अहम होने वाला है गुरुवार को खेला जाने वाला मैच

 

आईपीएल 2022 में गुरुवार को इस साल पहली बार खेल रही नई टीम लखनऊ सुपरजाइंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम आमने सामने होंगी। इस मैच में टीम इंडिया के भविष्य के कप्तानों के बीच भी भिड़ंत होगी। लोकेश राहुल और रिषभ पंत के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने के लिए मिलेगा। किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखने वाले केएल राहुल और रिषभ पंत आईपीएल के शुरुआती चरण में ही अपनी टीम का पलड़ा भारी रखने का प्रयास करेंगे। भारत को अगले कुछ साल में काफी क्रिकेट खेलना है और तीनों फॉर्मेट के कप्तान रोहित शर्मा के काम के बोझ का मैनेजमेंट करना महत्वपूर्ण होगा और ऐसे में राहुल व पंत दोनों भविष्य के कप्तान के रूप में अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। 

आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी आईपीएल में खेलते हुए आएंगे नजर

खास बात ये है कि अब आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी आईपीएल के लिए उपलब्ध होंगे। दिल्ली कैपिटल्स से आक्रामक बल्लेबाज डेविड वार्नर जबकि लखनऊ की टीम से आलराउंडर मार्कस स्टोइनिस जुड़ेंगे, जिससे दोनों टीम की प्लेइंग इलेवन और भी मजबूत होगी। दिल्ली को इसके अलावा तेज गेंदबाज एनरिच नोर्किया की भी सेवाएं मिलेंगी। दिल्ली के सहायक कोच शेन वाटसन ने मैच से एक दिन पहले कहा कि डेविड वार्नर क्वारंटीन से बाहर आ गए हैं इसलिए वह निश्चित तौर पर अगले मैच में सेलेक्शन के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि भारत पहुंचने के बाद से एनरिच नोर्किया ने पिछले कुछ हफ्तों में काफी अच्छा काम किया है। वह फिटनेस टेस्ट पास कर चुके हैं और चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। उम्मीद है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम में डेविड वार्नर को टिम सीफर्ट की जगह शामिल किया जाएगा, जबकि स्टोइनिस लखनऊ की टीम में एंड्रयू टाई या इविन लुईस की जगह लेंगे। अभी उनके एंड्रयू टाइ की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना अधिक है। 

प्लेइंग इलेवन को लेकर दोनों टीमों में हो रही है माथापच्ची
दोनों टीम की गेंदबाजी थोड़ी चिंता का सबब रही है, लेकिन गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में सुपरजाइंट्स की टीम ने प्रभावित किया है। जेसन होल्डर के शामिल होने से लखनऊ की टीम मजबूत हुई है और दिल्ली की टीम को उम्मीद होगी कि वार्नर पृथ्वी शॉ के साथ मिलकर उन्हें आक्रामक शुरुआत दिलाएंगे। चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइर्स हैदराबाद के खिलाफ दो उम्दा पारियां खेलने वाले लखनऊ के कप्तान राहुल चाहेंगे कि क्विटंन डिकॉक भी सुपरकिंग्स के खिलाफ किए प्रदर्शन को दोहराएं। लखनऊ के गेंदबाजों को हालांकि दिल्ली की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाना होगा जो वार्नर की मौजूदगी से और मजबूत होगी। कप्तान रिषभ पंत और पृथ्वी शॉ से भी टीम को बड़ी पारी की इंतजार है। प्रत्येक मैच के साथ ललित यादव का आत्मविश्वास बढ़ रहा है लेकिन अनुभवी मनदीप सिंह बल्लेबाजी क्रम की सबसे कमजोर कड़ी हैं। मनजीत लॉकी फर्ग्युसन और यहां तक की हार्दिक पंड्या की गेंदों के खिलाफ जिस तरह लेग स्टंप की तरफ गए उससे पता चलता है कि उनका आत्मविश्वास डिगा हुआ है। 

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन को लेकर चल रही है चर्चा
सुपरजाइंट्स की टीम में हालांकि मार्क वुड की गैरमौजूदगी में कोई बहुत तेज गति से गेंद फेंकने वाला गेंदबाज नहीं है और ऐसे में रिषभ पंत और कोच रिकी पोंटिंग पंजाब के पूर्व कप्तान मनदीप को एक और मौका दे सकते हैं। अगर मनदीप को बाहर किया जाता है तो दिल्ली की टीम के पास उनकी जगह कोना भरत, सरफराज खान और यश धुल के रूप में तीन विकल्प होंगे। प्रथम श्रेणी सीजन के दौरान सरफराज काफी अच्छी फॉर्म में थे, जबकि भरत ने पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ कुछ मौके मिलने पर अच्छा प्रदर्शन किया। लखनऊ की बात करें तो मनीष पांडे की बल्लेबाजी टीम के लिए चिंता का सबब है। गंभीर अपने खिलाड़ियों का समर्थन करने के लिए जाने जाते हैं और ऐसे में प्लेइंग इलेवन में पांडे की जगह बची रह सकती है। साथ ही इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि अगर भारतीय बल्लेबाजी विकल्पों की बात करें तो लखनऊ की बेंच स्ट्रैंथ काफी मजबूत नहीं है। टीम के पास मनन वोहरा और उत्तर प्रदेश के सीमित ओवरों के कप्तान करण शर्मा हैं। वोहरा आईपीएल में एक दशक बिताने के बाद भी खुद को स्थापित नहीं कर पाए हैं जबकि करण को अभी काफी कुछ सीखना है। 

लखनऊ सुपरजाइंट्स की पूरी टीम : लोकेश राहुल (कप्तान), मनन वोहरा, इविन लुईस, मनीष पांडे, क्विंटन डिकॉक, रवि बिश्नोई, दुष्मंता चमीरा, शाहबाज नदीम, मोहसिन खान, मयंक यादव, अंकित राजपूत, आवेश खान, एंड्रयू टाइ, मार्कस स्टोइनिस, काइल मेयर्स, करण शर्मा, कृष्णप्पा गौतम, आयुष बडोनी, दीपक हुड्डा, कृणाल पंड्या और जेसन होल्डर। 

दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम : रिषभ पंत (कप्तान), अश्विन हेब्बार, डेविड वार्नर, मनदीप सिंह, पृथ्वी शॉ, रोवमैन पॉवेल, एनरिक नोर्किया, चेतन सकारिया, खलील अहमद, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुस्ताफिजुर रहमान, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कमलेश नागरकोटी, ललित यादव, मिशेल मार्श, प्रवीण दुबे, रिपल पटेल, सरफराज खान, विक्की ओस्तवाल, यश धुल, केएस भरत और टिम सीफर्ट। 

(Bhasha inputs)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल