1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आखिरी दौर में पिछड़े अर्जुन अटवाल, डिचेम्बो ने जीता पीजीए टूर का खिताब

आखिरी दौर में पिछड़े अर्जुन अटवाल, डिचेम्बो ने जीता पीजीए टूर का खिताब

 Edited By: Bhasha
 Published : Jul 06, 2020 01:44 pm IST,  Updated : Jul 06, 2020 01:44 pm IST

पीजीए टूर में वापसी के बाद पहली तीन प्रतियोगिताओं में शीर्ष तीन में रहने वाले ब्रायसन डिचेम्बो आखिर में खिताब जीतने में सफल रहे। डिचेम्बो ने अंतिम दौर में 65 का कार्ड खेला। 

PGA Tour,Matthew Wolff,Kevin Kisner,Dubai Desert Classic,Detroit Golf Club,Desert Classic,Bryson DeC- India TV Hindi
Arjun Atwal Image Source : GETTY

भारतीय गोल्फर अर्जुन अटवाल चौथे और अंतिम दौर में अपनी शानदार लय बरकरार रखने में नाकाम रहे और एक ओवर 73 का स्कोर बनाने से उन्हें यहां पीजीए टूर रॉकेट मोर्टगेज क्लासिक में 45वें स्थान से संतोष करना पड़ा। अटवाल ने चार दौर में 70-69-66-73 के कार्ड खेले और उनका कुल स्कोर दस अंडर 278 रहा। 

पीजीए टूर में वापसी के बाद पहली तीन प्रतियोगिताओं में शीर्ष तीन में रहने वाले ब्रायसन डिचेम्बो आखिर में खिताब जीतने में सफल रहे। डिचेम्बो ने अंतिम दौर में 65 का कार्ड खेला। 

उन्होंने पहले सात होल में से चार में बर्डी बनायी और लगातार तीन बर्डी के साथ अपने अभियान का अंत किया। उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 23 अंडर 265 का स्कोर बनाया। उन्होंने मैथ्यू वॉल्फ (71) को तीन शॉट से हराया। केविन किसनर (66) तीसरे स्थान पर रहे। 

अटवाल चौथे दौर में किसी भी समय अच्छी स्थिति में नहीं दिखे। उन्होंने 11 अंडर से शुरुआत की और पहले तीन होल में पार स्कोर बनाया। इसके बाद वह चौथे होल में बोगी और पांचवें होल में डबल बोगी कर बैठे। वह आठवें होल में 22 फुट से बर्डी जमाने में सफल रहे लेकिन इसके बाद कुछ करीबी पुट्स चूक गये। 

उन्होंने अपने खेल का सबसे अच्छा नजारा 17वें होल में पेश किया जब वह ईगल बनाने में सफल रहे। पार फाइव के इस होल में उनके पहले दो शॉट शानदार रहे जिससे वह पुट जमाने से केवल पांच फुट दूर रह गये थे। इस बार उन्होंने कोई गलती नहीं की। 

अटवाल ने कहा, ‘‘कम से कम आखिर में मैं सफल रहा। अब भी मुझे लगता है कि लंबे विश्राम से वापसी के बाद मैंने अच्छा प्रदर्शन किया और कई सकारात्मक चीजें मेरे पक्ष में रही। ’’

 इस सत्र में नौ टूर्नामेंट में यह तीसरा अवसर है जबकि अटवाल ने कट में जगह बनायी। तीसरे दौर में उनका 66 का स्कोर इस सत्र में किसी एक दौर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल