1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियाई खेल (टेबल टेनिस) : सेमीफाइनल में हारकर भी मनिका बत्रा और शरथ की जोड़ी ने रचा इतिहास, जीता ब्रॉन्ज

एशियाई खेल (टेबल टेनिस) : सेमीफाइनल में हारकर भी मनिका बत्रा और शरथ की जोड़ी ने रचा इतिहास, जीता ब्रॉन्ज

 Reported By: IANS
 Published : Aug 29, 2018 05:38 pm IST,  Updated : Aug 29, 2018 05:38 pm IST

महिला खिलाड़ी मनिका बत्रा और उनके पुरुष जोड़ीदार अचंता शरथ कमल की जोड़ी ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 11वें दिन बुधवार को टेबल टेनिस की मिश्रित युगल वर्ग स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक दिलाया।

मनिका बत्रा -अचंता शरथ कमल- India TV Hindi
मनिका बत्रा -अचंता शरथ कमल Image Source : PTI

जकार्ता। महिला खिलाड़ी मनिका बत्रा और उनके पुरुष जोड़ीदार अचंता शरथ कमल की जोड़ी ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 11वें दिन बुधवार को टेबल टेनिस की मिश्रित युगल वर्ग स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक दिलाया। सेमीफाइनल में चीन की जोड़ी ने मनिका और शरथ को 4-1 से मात देकर इन्हें कांस्य तक ही रोक दिया। चीन की चुकिन वांग और सुन यिंगशा की जोड़ी ने पांच सेटों तक चले मुकाबले में 11-9, 11-5, 11-13, 11-4, 11-8 से जीत हासिल कर फाइनल में स्थान पक्का किया। 

भारतीय जोड़ी ने हालांकि चीन की जोड़ी को अच्छी टक्कर दी, लेकिन वांग और सुन इन दोनों से एक कदम आगे निकले।

पहले गेम में भारतीय जोड़ी ने 5-3 से बढ़त ले ली थी लेकिन वांग और सुन ने 5-5 से बराबरी कर वापसी की और फिर 11-9 से गेम जीत लिया। दूसरा गेम चीन की जोड़ी ने बड़ी आसानी से 11-5 से अपने नाम किया।

तीसरा गेम भारतीय जोड़ी के नाम रहा। यहां किस्मत ने भी मनिका और शरथ का साथ दिया। मनिका और शरथ ने 4-2 की बढ़त ली जिसे फिर 7-3 तक पहुंचा दिया। वांग और सुन ने भी वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी और स्कोर 10-10 से बराबर कर लिया। यहां से चीन की जोड़ी सिर्फ एक अंक ले पाई जबकि भारतीय जोड़ी ने दो अंक लेकर गेम अपने नाम कर वापसी की उम्मीद जगाई जो अगले दो गेमों में ध्वस्त हो गई।

चौथे सेट में मैच बराबरी का चल रहा था। चीन की जोड़ी ने 3-3 से बराबरी के स्कोर से बढ़त लेनी शुरू की और फिर मुड़कर नहीं देखा। गेम 11-4 से जीत वांग और सुन ने मैच अपने पक्ष में कर लिया। अब उसे सिर्फ एक गेम जीतना था और पांचवें गेम को उसने 11-8 से अपने नाम कर फाइनल में प्रवेश किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल