1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सेरेना को हराकर केरबर ने जीता ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब

सेरेना को हराकर केरबर ने जीता ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 30, 2016 08:09 pm IST,  Updated : Jan 30, 2016 08:09 pm IST

मेलबर्न: जर्मनी की एंजलिक केरबर ने बड़ा उलटफेर करते हुए आज अमेरिकी धुरंधर सेरेना विलियम्स को हराकर आस्ट्रेलियाई ओपन महिला एकल खिताब जीत लिया। इसके साथ ही स्टेफी ग्राफ के ओपन युग के 22 ग्रैंडस्लैम

serena and kerber- India TV Hindi
serena and kerber

मेलबर्न: जर्मनी की एंजलिक केरबर ने बड़ा उलटफेर करते हुए आज अमेरिकी धुरंधर सेरेना विलियम्स को हराकर आस्ट्रेलियाई ओपन महिला एकल खिताब जीत लिया। इसके साथ ही स्टेफी ग्राफ के ओपन युग के 22 ग्रैंडस्लैम के रिकार्ड की बराबरी के लिये सेरेना को और इंतजार करना पड़ेगा।

सातवीं वरीयता प्राप्त केरबर ने सेरेना को 6-4, 3-6, 6-4 से हराया। वह स्टेफी ग्राफ के बाद ग्रैंडस्लैम जीतने वाली पहली जर्मन खिलाड़ी बन गई। ग्राफ ने 1999 फ्रेंच ओपन में अपना आखिरी ग्रैंडस्लैम खिताब जीता था।

दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी और गत चैम्पियन सेरेना ने इससे पहले मेलबर्न पार्क पर सभी छह फाइनल जीते हैं। पिछले आठ ग्रैंडस्लैम फाइनल में वह अजेय रही है। केरबर ने हालांकि रोमांचक मुकाबले में उसे हराकर पूरे टेनिस जगत को चौंका दिया।

जीत के बाद भीगी पलकों के साथ एंजलिक केरबर ने कहा, ‘मेरी पूरी जिंदगी मैं काफी मेहनत करती आई हूं और इसी वजह से यहां हूं। अब मैं कह सकती हूं कि मैं ग्रैंडस्लैम चैम्पियन हूं। यह मेरी जिंदगी के सबसे अच्छे दो सप्ताह हैं। जब मैं यहां खेल रही थी तो मेरे रोंगटे खड़े हो गए थे।’

अब इस जीत के बाद वह विश्व रैंकिंग में छठे से दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। उसने फाइनल तक के सफर में सिर्फ एक सेट गंवाया। दूसरी ओर सेरेना ने कई गलतियां की जिसका उसे खामियाजा भुगतना पड़ा। सेरेना ने हार के बाद कहा, ‘मैं उसके लिये बहुत खुश हूं। उसने काफी अच्छा खेला। मैं अपने प्रदर्शन से भी निराश नहीं हूं। हर बार हर कोई सोचता है कि मैं हर मैच जीतूंगी लेकिन मैं रोबोट नहीं हूं।’

सेरेना की दमदार सर्विस पर केरबर कोई अंक नहीं बना सकी लेकिन इसके बाद उसने शानदार वापसी करते हुए 2-1 से बढत बनाई। सेरेना ने कई गलतियां की जिसका उसने पूरा फायदा उठाया। सेरेना की 23 सहज गलतियों का फायदा उठाकर केरबर ने 39 मिनट में सेट जीत लिया। दूसरे सेट में सेरेना ने वापसी की लेकिन निर्णायक सेट नहीं बचा सकी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल