1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आईएसएल-5 : भूमिज ने केरला ब्लास्टर्स को लगातार दूसरी जीत से रोका

आईएसएल-5 : भूमिज ने केरला ब्लास्टर्स को लगातार दूसरी जीत से रोका

 Reported By: IANS
 Published : Oct 05, 2018 10:16 pm IST,  Updated : Oct 05, 2018 10:16 pm IST

केरला ब्लास्टर्स ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के अपने दूसरे मुकाबले में शुक्रवार को यहां मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ 1-1 से रोमांचक ड्रॉ खेला।

केरला बनाम मुंबई- India TV Hindi
केरला बनाम मुंबई Image Source : ISL/TWITTER

कोच्चि| केरला ब्लास्टर्स ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के अपने दूसरे मुकाबले में शुक्रवार को यहां मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ 1-1 से रोमांचक ड्रॉ खेला। ब्लास्टर्स इस ड्रॉ के बावजूद गोल अंतर के आधार पर तालिका में चार अंकों के साथ शीर्ष पर है। पहले मुकाबले में ब्लास्टर्स ने एटीके को 2-0 से शिकस्त देते हुए सीजन का विजयी आगाज किया था। 

मुंबई के लिए इस मैच में बराबरी का गोल इंजुरी टाइम (93वें मिनट) में प्रांजल भूमिज ने किया। मेजबान टीम के लिए हालीचरण नारजरी ने गोल दागा।

ब्लास्टर्स ने दर्शकों से खचाखच भरे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शानदार शुरुआत की और तीसरे मिनट में ही अटैक कर मुंबई के गोलकीपर एवं कप्तान अमरिंदर सिंह पर दबाव बनाया। मोहम्मद राकिप ने दाईं छोर से शानदार क्रॉस दिया और नारजरी ने गेंद को अपने नियंत्रण में लेकर सिएमिनलेन डोंगेल को पास दिया, हालांकि डोंगेल मेहमान टीम के गोलकीपर को छकाने में कामयाब नहीं हो पाए। 

शुरुआत में ही बेहतरीन आक्रमण करने के कारण ब्लास्टर्स के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने अपनी तेजी को कम नहीं किया। मुंबई के खिलाड़ियों ने भी काउंटर अटैक किए लेकिन अधिक प्रभावी साबित नहीं हुए।

मैच के 24वें मिनट में मेजबान टीम ने दाए फ्लैंक से अटैक किया। गोलपोस्ट की दाईं ओर से फारवर्ड खिलाड़ी सलाविसा स्तोजानोविक ने बॉक्स में ही मौजूद नारजरी को पास दिया जिन्होंने शानदार गोल करते हुए ब्लास्टर्स को 1-0 से आगे कर दिया। 

पहले गोल के कारण मुंबई की टीम दबाव में नजर आई और मेजबान टीम के डिफेंस को कुछ खास परेशान नहीं कर पाई। ब्लास्टर्स ने दूसरे हाफ की शुरुआत बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ की और मुंबई के डिफेंस एवं गोलकीपर पर दबाव बनाए रखा। मेहमान टीम ने 56वें मिनट मिडफील्ड से एक बेहतरीन मूव बनाया लेकिन वह ब्लास्टर्स के युवा गोलकीपर धीरज को परेशान नहीं कर पाई। 

इसके तीन मिनट बाद ही मेजबान टीम को कॉर्नर मिला। ब्लास्टर्स के खिलाड़ी ने शानदार कॉर्नर लिया जिस पर कप्तान संदेश झिंगन ने हेडर लगाया और गेंद को गोल के बाहर मार बैठे। झिंगन इस मुकाबले के साथ आईएसएल में सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। 

मैच के अंतिम 20 मिनट में मुंबई ने मिडफील्ड में बेहतरीन खेल दिखाया जिसके कारण ब्लास्टर्स के डिफेंस पर दबाव बना। अबतक मैच में दमदार प्रदर्शन कर रहे झिंगन ने 79वें मिनट में भी अपने अनुभव का प्रयोग किया और शानदार बचाव करते हुए ब्लास्टर्स की बढ़त को बनाए रखा। 84वें मिनट में भी मुंबई ने मेजबान टीम के बॉक्स में खलबली मचाई लेकिन बराबरी का गोल इंजुरी टाइम में आया।

फारवर्ड खिलाड़ी 19 वर्षीय भूमिज ने 93वें मिनट में 35 गज की दूरी से गोल धमाकेदार गोल करते हुए मुंबई की हार टाल दी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल