1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मुक्केबाजी महासंघ ने मुक्केबाजों के लिये ऑनलाइन कोचिंग शुरू की

मुक्केबाजी महासंघ ने मुक्केबाजों के लिये ऑनलाइन कोचिंग शुरू की

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 29, 2020 09:17 pm IST,  Updated : Mar 29, 2020 09:17 pm IST

इन मुक्केबाजों के साथ कांफ्रेस कॉल में भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने उनकी तैयारियों का जायजा लिया।

Boxing- India TV Hindi
Boxing Image Source : @BFI_OFFICIAL

नई दिल्ली| कोरोना वायरस के कारण देश भर में लगे लॉकडाउन से ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके भारतीय मुक्केबाजों की ट्रेनिंग बाधित हुई जिससे अब उन्हें सोमवार से कोचों द्वारा आनलाइन प्रशिक्षण दिया जायेगा। इस ट्रेनिंग में उनके मानसिक स्वास्थ्य के अलावा पोषण संबंधित चीजों पर सलाह दी जायेगी। नौ भारतीय मुक्केबाज - एम सी मेरीकोम, सिमरनजीत कौर, लवलीना बोरगोहेन, पूजा रानी, अमित पंघाल, मनीष कौशिक, विकास कृष्ण, आशीष कुमार और सतीश कुमार ने तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर लिया जिन्हें वैश्विक महामारी के कारण 2021 तक स्थगित कर दिया गया।

रविवार को इन मुक्केबाजों के साथ कांफ्रेस कॉल में भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने उनकी तैयारियों का जायजा लिया। सिंह ने मुक्केबाजों से कहा, ‘‘यह हम सभी के लिये चुनौतीपूर्ण समय है और हम सभी को अपना ध्यान रखना होगा तो फिट रहिये, कोचों द्वारा दिये गये अभ्यास को जारी रखिये और अपना वजन बरकरार रखने की कोशिश कीजिये। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम इस संकट से जल्द ही निकल जायेंगे और रिंग में वापसी करेंगे लेकिन खुद को प्रेरित रखना भी जरूरी है। ’’

बीएफआई के कार्यकारी निदेशक आर के साचेती ने पीटीआई से कहा कि डाइट के अलावा मानसिक स्वास्थ्य अहम हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे अभी अपने घर है, जहां डाइट प्रभावित हो सकती है। इसलिये इन आनलाइन क्लास का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि वे अपनी पोषण संबंधित जरूरतों से वाकिफ रहें। ’’

साचेती ने कहा कि भारतीय मुक्केबाजी के हाई परफोरमेंस निदेशक सांटियागो निएवा 14 दिन तक अलग रहने के बाद अब पटियाला में हैं और वे पुरूष टीम के लिये क्लास आयोजित करेंगे। महिला मुक्केबाजों के लिये हाई परफोरमेंस निदेशक रफाएल बर्गामास्को क्लास लेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल