1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. चोट के कारण फेडरर 2020 के बाकी बचे सीजन से हुए बाहर, अगले साल कर सकते हैं वापसी

चोट के कारण फेडरर 2020 के बाकी बचे सीजन से हुए बाहर, अगले साल कर सकते हैं वापसी

 Edited By: Bhasha
 Published : Jun 10, 2020 01:42 pm IST,  Updated : Jun 10, 2020 01:42 pm IST

फेडरर ने फरवरी में अपने दायें घुटने का ऑपरेशन करवाया था लेकिन यह पूरी तरह से सफल नहीं रहा और उन्हें कुछ महीनों बाद ही दोबारा ऑपरेशन करवाना पड़ा था।

roger federer, federer tweet, federer knee surgery, tennis news, federer knee operation- India TV Hindi
roger federer, Image Source : GETTY IMAGES

दिग्गज टेनिस खिलाड़ी और 20 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन रोजर फेडरर घुटने के ऑपरेशन के कारण इस साल किसी टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे लेकिन उन्हें अगले साल सत्र के शुरू में वापसी की उम्मीद है। फेडरर ने बुधवार को ट्विटर पर बयान जारी करके कहा कि वह 2020 के सत्र में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि वह अब भी घुटने की चोट से परेशान हैं। 

इस 38 वर्षीय खिलाड़ी के इस बयान के बाद उनके संन्यास लेने की अटकलें तेज हो सकती हैं। फेडरर ने फरवरी में अपने दायें घुटने का ऑपरेशन करवाया था लेकिन यह पूरी तरह से सफल नहीं रहा और उन्हें कुछ महीनों बाद ही दोबारा ऑपरेशन करवाना पड़ा था। स्विटजरलैंड के इस स्टार ने बयान में कहा, ‘‘कुछ सप्ताह पहले रिहैबिलिटेशन के शुरुआती चरण में मुझे परेशानी महसूस हुई और मुझे तुरंत ही अपने दायें घुटने की फिर से आर्थोस्कोपिक सर्जरी करानी पड़ी। ’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘अब ठीक जिस तरह से मैंने 2017 से पहले किया था, उसी तरह से मैंने शीर्ष स्तर पर खेलने के लिेये शत प्रतिशत फिट होने के लिये पर्याप्त समय लेने की योजना बनायी है। ’’ 

यह भी पढ़ें-  फ्रेंच ओपन की तैयारियों के लिये यूएस ओपन से हटने पर विचार कर रहे हैं जोकोविच

 

फेडरर को पहले ऑपरेशन के कारण चार महीने तक बाहर रहना था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण टूर्नामेंट रद्द या स्थगित कर दिये गये जिनमें विंबलडन और फ्रेंच ओपन भी शामिल हैं। अब अगर यूएस ओपन और सितंबर में फ्रेंच ओपन का आयोजन होता है तो फेडरर उनमें नहीं खेल पाएंगे। 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं 2021 के सत्र के शुरू में सभी को वापस टूर में देखने के लिये उत्सुक हूं। ’’ फेडरर ने अपना आखिरी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट 2018 में आस्ट्रेलियाई ओपन के रूप में जीता था। उनके नाम पर पुरुष वर्ग में सर्वाधिक 20 एकल ग्रैंडस्लैम जीतने का रिकार्ड है। उनके बाद राफेल नडाल (19) और नोवाक जोकोविच (17) का नंबर आता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल