1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हॉकी : भारतीय जूनियर टीम ने पाकिस्तान को 5-1 से रौंदा

हॉकी : भारतीय जूनियर टीम ने पाकिस्तान को 5-1 से रौंदा

 Written By: IANS
 Published : Oct 12, 2015 09:01 am IST,  Updated : Oct 12, 2015 09:01 am IST

जोहोर बाहरू: खिताब का बचाव करने उतरी भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने रविवार को विजयी आगाज करते हुए सुल्तान ऑफ जोहोर कप के अपने पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-1 से रौंद दिया।

हॉकी : भारतीय जूनियर...- India TV Hindi
हॉकी : भारतीय जूनियर टीम ने पाकिस्तान को 5-1 से रौंदा

जोहोर बाहरू: खिताब का बचाव करने उतरी भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने रविवार को विजयी आगाज करते हुए सुल्तान ऑफ जोहोर कप के अपने पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-1 से रौंद दिया। भारत के लिए अजय यादव ने पांचवें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला।

इसके बाद सुमित कुमार ने 23वें मिनट में, अरमान कुरैशी ने 27वें मिनट में, परविंदर सिंह ने 34वें मिनट में और संता सिंह ने 45वें मिनट में गोल किए।

भारतीय टीम पूरे मैच के दौरान पाकिस्तान पर हावी रही। भारतीय टीम ने बेहद आक्रामक शुरुआत की और पांचवें मिनट में ही अजय के गोल की बदौलत 1-0 से बढ़त ले ली।

भारतीय टीम ने बढ़त हासिल करने के बाद हमलों में तेजी ला दी और पाकिस्तान की बचाव पंक्ति को पूरी तरह व्यस्त रखा। मध्यांतर के करीब भारतीय टीम को पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन पाकिस्तान के गोलकीपर ने इसे बचा लिया।

तेज पलटवार करते हुए पाकिस्तानी टीम भी पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रही, लेकिन वे भी इस मौके का लाभ नहीं उठा सके।

मध्यांतर तक भारतीय टीम ने 4-0 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।

मध्यांतर के बाद भी भारतीय टीम ने मैदान पर अपना दबदबा बनाए रखा, हालांकि पाकिस्तान को अंतत: 45वें मिनट में मुहम्मद दिलबर ने फील्ड गोल के जरिए पहली खुशी दी।

पाकिस्तान के पास इसके बाद पेनाल्टी कॉर्नर पर एक और गोल करने का मौका था, लेकिन भारतीय गोलकीपर ने इसका शानदार बचाव किया।

अगले ही मिनट में भारत ने फुर्ती से पलटवार कर दिया, बाईं ओर से हमला करते हुए हरमनप्रीत ने पाकिस्तानी गोलपोस्ट के ठीक सामने खड़े संता को गेंद पास कर दी, जिस पर संता ने बिना मौका गंवाए गोल दाग दिया और भारत को 5-1 से निर्णायक बढ़त दिला दी।

भारतीय टीम अब सोमवार को ब्रिटेन के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल