एंटवर्प: भारतीय पुरूष हाकी टीम ने 20 जून से शुरू हो रहे एफआईएच विश्व हाकी लीग सेमीफाइनल से पहले तीसरे अभ्यास मैच में आज अमेरिका को 4- 0 से हरा दिया जबकि महिला टीम इटली से 1-2 से हार गई ।
सरदार सिंह की अगुवाई वाली पुरूष टीम ने 20 मिनट में पेनल्टी कार्नर पर रूपिंदर पाल सिंह के गोल की मदद से बढत बना ली थी ।
ललित उपाध्याय ने 49वें मिनट में भारत की बढत दुगुनी कर दी । इसके तीन मिनट बाद रूपिंदर ने पेनल्टी कार्नर पर एक और गोल किया । मैच के आखिरी मिनट में युवराज वाल्मीकि ने रिबाउंड पर गोल दागा जब पेनल्टी कार्नर पर जसजीत सिंह खुल्लर का शाट अमेरिकी गोलकीपर ने रोक दिया था ।
भारतीय पुरूष टीम ने इससे पहले फ्रांस को 1-0 से हराया था जबकि बेल्जियम से 1- 2 से हार गई थी । अब उसका सामना अगले अभ्यास मैच में पांचवीं रैंकिंग वाली ब्रिटेन टीम से होगा ।
दूसरी ओर महिला टीम इटली से 1 . 2 से हार गई । इटली ने पेनल्टी कार्नर को तब्दील करके शुरूआत में ही बढत बना ली थी । भारत के लिये एकमात्र गोल कप्तान रितु रानी ने किया । भारत को पहले अभ्यास मैच में जापान ने 2 . 0 से हराया था ।