1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बिना फैंस के खेला जाएगा इंडियन ओपन बैडमिन्टन टूर्नामेंट, सिंधु-कैरोलिना पर होंगी निगाहें

बिना फैंस के खेला जाएगा इंडियन ओपन बैडमिन्टन टूर्नामेंट, सिंधु-कैरोलिना पर होंगी निगाहें

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 13, 2021 03:26 pm IST,  Updated : Apr 13, 2021 03:26 pm IST

चार लाख डॉलर ईनामी राशि का यह टूर्नामेंट तोक्यो ओलंपिक के आखिरी क्वालीफिकेशन टूर्नामेंटों में से है। 

PV Sindhu and Carolina Marin- India TV Hindi
PV Sindhu and Carolina Marin Image Source : GETTY

नई दिल्ली| ओलंपिक चैम्पियन कैरोलिना मारिन और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी केंतो मोमोता 11 से 16 मई तक होने वाले इंडिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में भाग लेंगे जो कोरोना महामारी के कारण दर्शकों के बिना खेला जायेगा। 

चार लाख डॉलर ईनामी राशि का यह टूर्नामेंट तोक्यो ओलंपिक के आखिरी क्वालीफिकेशन टूर्नामेंटों में से है। इसमें चीन समेत 33 राष्ट्रीय संघों के 228 खिलाड़ी भाग लेंगे। भारतीय बैडमिंटन संघ ने हालांकि कहा है कि देश में कोरोना संक्रमण के बढते मामलों को देखते हुए यह टूर्नामेंट जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में खेला जायेगा जिसमें दर्शकों और मीडिया को प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी। 

बाइ ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, मध्य पूर्व और यूरोपीय देशों से आने वाले सभी खिलाड़ी और अधिकारी सात दिन पृथकवास में रहेंगे। उन्हें तीन मई को दिल्ली पहुंचना होगा। बाकी देशों से खिलाड़ी और अधिकारी छह मई को आकर चार दिन के पृथकवास में रह सकते हैं।’’

 
कोर्ट पर तीन बार की विश्व चैम्पियन मारिन महिला एकल वर्ग में प्रबल दावेदार होंगी। इसमें अकाने यामागुची, पी वी सिंधु, कोरिया की अन से यंग और थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग भी भाग लेंगी। 

भारत के 48 खिलाड़ी (27 महिला 21 पुरूष) टूर्नामेंट खेलेंगे जबकि मलेशिया का 26 सदस्यीय दल इसमें भाग लेगा। चीन के भी दस खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं। पुरूष वर्ग में दो बार के विश्व चैम्पियन मोमोता , गत चैम्पियन विक्टर एक्सेलसन, एंडर्स एंटोंसेन, आल इंग्लैंड चैम्पियन जि जिया ली इसमें खेलेंगे। 

यह भी पढ़ें- IPL 2021 : कुमार संगाकार ने बढ़ाया संजू सैमसन का हौसला कहा, 'अगली बार 10 गज आगे मारकर दिलाएगा जीत'

भारतीय दल में दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत, बी साइ प्रणीत , एच एस प्रणय और पारूपल्ली कश्यप शामिल होंगे। पुरूष युगल में दुनिया की दसवें नंबर की जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विक साइराज रांकिरेड्डी चुनौती पेश करेंगे जबकि महिला युगल में एन सिक्की रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा पर दारोमदार होगा। पोनप्पा और सात्विक मिश्रित युगल में भी साथ खेलेंगे। 

यह भी पढ़ें- IPL 2021 : 22 साल के अर्शदीप के सामने कैसे थम गया संजू सैमसन का तूफान, खुद बताई अपनी रणनीति

टूर्नामेंट से नाम वापिस लेने की आखिरी तारीख 19 अप्रैल है जबकि 20 अप्रैल को ड्रॉ निकाले जायेंगे। दिल्ली सरकार तीन और छह मई को आगमन पर आरटी पीसीआर टेस्ट करेगी जो नौ और 14 मई को फिर किये जायेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल