1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कमलप्रीत ने चक्का फेंक में नेशनल रिकार्ड के साथ कटाया ओलंपिक का टिकट

कमलप्रीत ने चक्का फेंक में नेशनल रिकार्ड के साथ कटाया ओलंपिक का टिकट

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 19, 2021 09:07 pm IST,  Updated : Mar 19, 2021 09:07 pm IST

चक्का फेंक खिलाड़ी कमलप्रीत कौर ने अपने निजी प्रदर्शन में चार मीटर का सुधार करते हुए 65.06 मीटर के राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया।

कमलप्रीत ने चक्का...- India TV Hindi
कमलप्रीत ने चक्का फेंक में नेशनल रिकार्ड के साथ कटाया ओलंपिक का टिकट Image Source : ATHLETICS FEDERATION OF INDIA

पटियाला। चक्का फेंक खिलाड़ी कमलप्रीत कौर ने अपने निजी प्रदर्शन में चार मीटर का सुधार करते हुए 65.06 मीटर के राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ यहां फेडरेशन कप सीनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के अंतिम दिन शुक्रवार को तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया। इस चैम्पियनशिप के 2019 सत्र में स्वर्ण पदक जीतने वाली कमलप्रीत ने महिलाओं के मुकाबले में अपने पहले ही प्रयास में 65.06 मीटर तक चक्का फेंक कर राष्ट्रीय खेल संस्थान में मौजूद दर्शकों को चौका दिया। पंजाब की इस खिलाड़ी ने इसके बाद अपने पांचों प्रयास में फाउल किया। तोक्यो ओलंपिक के लिए महिला चक्का फेंक में क्वालीफिकेशन मानक 63.05 है।

कमलप्रीत का इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 61.04 मीटर था जो उन्होंने 2018 में हासिल किया था। उन्होंने कृष्णा पूनिया के नौ साल पुराने राष्ट्रीय रिकार्ड को तोड़ा। कृष्णा पूनिया ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में 64.76 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता था और राष्ट्रीय रिकार्ड कायम किया था। एशियाई खेलों 2018 के बाद पहली बार प्रतिस्पर्धा कर रही अनुभवी सीमा पूनिया ने 62.64 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया।

वैक्सीन भेजने के लिए क्रिस गेल ने भारत का किया धन्यवाद, पीएम मोदी का जताया आभार

37 साल की पूनिया ने एशियाई खेलों 2014 (स्वर्ण), 2018 (रजत) के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों के 2006, 2010, 2014 और 2018 सत्र में पदक जीते हैं। वह एक से कम मीटर से ओलंपिक क्वालीफिकेशन हासिल करने से चूक गयी।

दिल्ली की सोनल गोयल (52.11 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। अन्य प्रतियोगिताओं में असम की हिमा दास ने महिलाओं की 200 मीटर रेस में 23.21 सेकेंड के समय के साथ मीट रिकार्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वह हालांकि ओलंपिक क्वालीफिकेशन हासिल नहीं कर सकी। तमिलनाडु की धनलक्ष्मी 23.29 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रही जबकि अर्चना सुसींद्रन 23.60 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रही। महिलाओं के 200 मीटर में ओलंपिक क्वलाफीकेशन मानक 22.80 सेकेंड है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल