1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. आईएसएल-5 : ओन गोल से मिली ब्लास्टर्स को सीजन की पहली हार, सुनील छेत्री चमके

आईएसएल-5 : ओन गोल से मिली ब्लास्टर्स को सीजन की पहली हार, सुनील छेत्री चमके

 Reported By: IANS
 Published : Nov 06, 2018 08:06 am IST,  Updated : Nov 06, 2018 08:06 am IST

ओन गोल के कारण केरला ब्लास्टर्स को सोमवार को यहां के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) मुकाबले में बेंगलुरू एफसी के हाथों 1-2 से हार मिली।

ओन गोल से मिली ब्लास्टर्स को सीजन की पहली हार, सुनील छेत्री चमके- India TV Hindi
ओन गोल से मिली ब्लास्टर्स को सीजन की पहली हार, सुनील छेत्री चमके Image Source : ISL

कोच्चि। ओन गोल के कारण केरला ब्लास्टर्स को सोमवार को यहां के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) मुकाबले में बेंगलुरू एफसी के हाथों 1-2 से हार मिली। मेजबान टीम की यह पांचवें सीजन की पहली हार है जबकि बेंगलुरू पांच मैचों में चौथी जीत के साथ अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गया है। मैच का पहला गोल बेंगलुरू एफसी के लिए करिश्माई कप्तान सुनील छेत्री ने 17वें मिनट में किया। मेजबान टीम ने 30वें मिनट में हासिल पेनाल्टी पर गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया लेकिन 81वें मिनट में निकोला क्रेमारेविक के ओन गोल ने उसे हार झेलनी पड़ी। केरल की छह मैचों में यह पहली हार है। बेंगलुरू की टीम अब तक अजेय है। उसके खाते में 13 अंक हैं। केरल की टीम सात अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।

पहले हाफ में दोनों टीमों ने बराबरी का खेल दिखाया। मैच का पहला मौका तीसरे मिनट में केरल ने बनाया लेकिन प्रशांत के. और सीके विनीत का यह प्रयास बेकार चला गया। 

अगले कुछ मिनट तक दोनों टीमों के बीच गेंद के लिए रस्साकसी चलती रही। 17वें मिनट में इस प्रतिस्पर्धा में जीत बेंगलुरू की हुई क्योंकि कप्तान छेत्री ने उसका खाता खोल दिया। छेत्री ने यह गोल अपने सबसे भरोसेमंद साथी मीकू की मदद से किया। मीकू के ही थ्रू बॉल पर छेत्री ने अपनी टीम का खाता खोला।

केरल ने 28वें मिनट में एक और मौका बनाया और इस पर उसे पेनाल्टी मिल गया क्योंकि थ्रोइन पर समद गोल करने की स्थिति में थे लेकिन नीशू कुमार ने उन्हें गिरा दिया। इस पेनाल्टी पर स्टोजानोविक ने 30वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।

दूसरे हाफ की शुरुआत में केरल के लालरुआथारा को पीला कार्ड मिला। 52वें मिनट में मीकू और छेत्री ने एक अच्छा मूव बनाया। मीकू ने बॉक्स के मध्य से एक करारा शॉट लिया लेकिन रास्ते में नेमांजा पेसिक आ गए। गेंद उन्हें लगी और कार्नर के लिए बाहर चली गई।

बेंगलुरू ने अपना अटैक जारी रखा और 81वें मिनट में बेंगलुरू ने एक और हमला किया, जिसे बचाने के प्रयास में क्रेमारेविक दुर्भाग्य से आत्मघाती गोल कर बैठे। बेंगलुरू की टीम 2-1 से आगे हो गई। अंतिम मिनट में केरल को काफी करीब से फ्री-किक मिला लेकिन वह उसे भुना नहीं सकी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल