चीन: डोंगफेंग निसान स्पोर्ट्स सेंटर में सोमवार को हुए सुदीरमन कप वर्ल्ड मिक्स्ड टीम चैम्पियनशिप में भारत को मलेशिया के हाथों 2-3 से हार झेलनी पड़ी। मलेशिया ने इस जीत के साथ नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया।
भारत की शीर्ष महिला एकल खिलाड़ी दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त सायना नेहवाल और देश की शीर्ष महिला युगल जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने भारत को दो मैच जिताए।
भारत अब ग्रुप-1डी का अपना आखिरी मुकाबला बुधवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए क्वार्टरफाइनल में प्रवेश करने के लिए नॉकआउट जैसा होगा।
भारतीय टीम ने सोमवार को पहले पुरुष युगल स्पर्धा में हार के साथ शुरुआत की। मनु अत्री और बी. सुमीत रेड्डी की जोड़ी यह मैच गोह वी. शेम और तान वी कियोंग की जोड़ी से 33 मिनट में 15-21, 16-21 से हार गए।
सायना ने हालांकि महिला एकल स्पर्धा में तीन जिंग यी को 24-22, 21-13 से हराकर भारत को 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
तीसरा मैच पुरुष एकल वर्ग में हुआ। पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीय ली चोंग वेई ने चौथी विश्व वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत को 40 मिनट में 21-16, 21-15 से हराकर एकबार फिर मलेशिया को 2-1 से बढ़त दिला दी।
श्रीकांत पर ली चोंग की यह चार मैचों में लगातार चौथी जीत है।
इसके बाद विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी ज्वाला-पोनप्पा की जोड़ी ने चौथे महिला युगल वर्ग के मुकाबले में विवियन काह मुन हू और वून खे वेई को 56 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-18, 19-21, 21-15 से हराकर भारत को फिर से 2-2 की बराबरी पर ला दिया।
पांचवें और निर्णायक मिश्रित युगल वर्ग के मुकाबले में हालांकि एन. सिक्की रेड्डी और अरुण विष्णु की भारती जोड़ी को चान पेंग सून और गोह लियू यिंग की जोड़ी के हाथों 40 मिनट में 21-14, 21-18 से हार झेलनी पड़ी और इसके साथ ही मैच भारत हार गया।