1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Laureus Awards 2020: मेस्सी और हैमिल्टन ने संयुक्त रुप से जीता सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार

Laureus Awards 2020: मेस्सी और हैमिल्टन ने संयुक्त रुप से जीता सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 18, 2020 01:06 pm IST,  Updated : Feb 18, 2020 01:06 pm IST

लुईस हैमिल्टन और दुनिया के महान फुटबालरों में से एक लियोनेल मेस्सी को लारेस खेल पुरस्कारों में संयुक्त रूप से साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। 

Laureus Awards 2020: मेस्सी और...- India TV Hindi
Laureus Awards 2020: मेस्सी और हैमिल्टन ने संयुक्त रुप से जीता सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार Image Source : GETTY IMAGES

बर्लिन। ब्रिटिश एफ-वन चालक लुईस हैमिल्टन और दुनिया के महान फुटबालरों में से एक लियोनेल मेस्सी को यहां लारेस खेल पुरस्कारों में संयुक्त रूप से साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। दोनों खिलाड़ियों को बराबर संख्या में वोट मिले। इन पुरस्कारों के 20 साल के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब ज्यूरी के सदस्य हैमिल्टन और मेस्सी में से एक विजेता को नहीं चुन सके।

फीफा के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार को छह बार जीतने वाले मेस्सी लारेस पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी) को जीतने वाले पहले टीम-खिलाड़ी हैं। वह हालांकि सोमवार को पुरस्कार प्राप्त करने के लिए मौजूद नहीं थे।

मेस्सी और हैमिल्टन ने दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स, केन्या के मैराथन धावक एलिउड किपचोगे, टेनिस दिग्गज राफेल नडाल और मोटो जीपी चैंपियन मार्क मार्केज को पछाड़ कर यह खिताब हासिल किया।

अमेरिकी जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स ने पिछले चार साल में तीसरी बार साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार जीता। उन्होंने 2019 विश्व चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण पदक जीते थे। बाइल्स ने 2017 और 2019 में भी इस खिताब को हासिल किया था।

पुरस्कार समारोह की मेजबानी अभिनेता ह्यूग ग्रांट ने की। हाल ही में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वाले अमेरिकी बास्केटबाल दिग्गज कोबे ब्रायंट को इस कार्यक्रम में श्रद्धांजलि दी गई। स्नोबोर्डिंग खिलाड़ी क्लो किम ने विश्व एक्शन खेल पुरस्कार हासिल किया। इस वर्ग में उन्होंने दूसरी बार इस खिताब को जीता है।

2019 में रग्बी विश्व का खिताब जीतने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम ने दूसरी बार लारेस सर्वश्रेष्ठ साल की सर्वश्रेष्ठ टीम का खिताब जीता। उन्होंने इस दौड़ में लीवरपूल (फुटबाल क्लब) और अमेरिका की महिला फुटबाल टीम को पछाड़कर खिताब हासिल किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल