मेक्सिको सिटी: मेक्सिको के अपहृत फुटबॉल खिलाड़ी एलन पुलिडो स्वयं को अपहरणकर्ता के चंगुल से मुक्त कराने में सफल रहे। समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिडो (25) ने सोमवार को अपने आसपास केवल एक अपहरणकर्ता को पाया और मौका देखकर उसकी पिस्तौल व मोबाइल फोन छीनने में कामयाब रहे। उसके बाद उन्होंने फौरन मेक्सिको का आपातकालीन नंबर डायल किया और पुलिस की मदद से स्वयं को मुक्त कराया।
पुलिडो को शनिवार रात करीब 11.30 बजे चार हथियारबंद लोगों ने एक राजमार्ग से अगवा कर लिया था। वह उस वक्त एक पार्टी से लौट रहे थे।
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त हुए पुलिडो को बाद में चिकित्सा व मनोवैज्ञानिक जांच के लिए ले जाया गया। उसके बाद उन्होंने मामले की जांच कर रहे जांचकर्ताओं को अपना बयान दिया।
अधिकारियों ने कहा कि इस अपहरण मामले में खाड़ी तटीय राज्य वेराक्रूज के 38 वर्षीय व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध है और अन्य तीन संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।