1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. प्रीमियर बैडमिंटन लीग के पांचवे सीजन से हटी सायना नेहवाल

प्रीमियर बैडमिंटन लीग के पांचवे सीजन से हटी सायना नेहवाल

 Reported By: IANS
 Published : Nov 24, 2019 05:55 pm IST,  Updated : Nov 24, 2019 05:55 pm IST

सायना चोट के कारण इस महीने कोरिया ओपन में भी भाग नहीं ले पाई थी।

Saina Nehwal- India TV Hindi
Saina Nehwal Image Source : TWITTER PHOTO

नई दिल्ली। भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के पांचवें सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है। ओलंपिक पदक विजेता सायना ने रविवार को ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। पीबीएल का पांचवां सीजन अगले साल 20 जनवरी से नौ फरवरी तक चलेगा। सायना चोट के कारण इस महीने कोरिया ओपन में भी भाग नहीं ले पाई थी।

सायना ने ट्विटर पर लिखा, "मैं पीबीएल के पांचवें सीजन में हिस्सा नहीं ले पाऊंगी। मैं इस साल अधिकतर समय तक चोटों से जूझती रही हूं और मैं आगे की बेहतर तैयारी के लिए पीबीएल के दौरान थोड़ा समय लेना चाहती हूं। इसके लिए मैं अपने सभी फैन्स से माफी मांगना चाहती हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं अगले साल पीबीएल का हिस्सा बनूंगी।"

भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) से मान्यता प्राप्त और स्पोर्ट्सलाइव द्वारा आयोजित कराई जाने वाली इस लीग के मैचों की मेजबानी इस बार दिल्ली, लखनऊ, बेंगलुरू और चेन्नई जैसे शहर करेंगे।

लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 26 नवम्बर को नई दिल्ली में होगी।

सायना फिलहाल, अपने करियर के बेहद खराब दौर से गुजर रही है। उन्हें पिछले छह में से पांच टूर्नामेंट के पहले दौर में ही हार झेलनी पड़ी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल