1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया मास्टर्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह

पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया मास्टर्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 19, 2021 10:12 pm IST,  Updated : Nov 19, 2021 10:12 pm IST

पी वी सिंधू और किदाम्बी श्रीकांत ने शानदार लय जारी रखते हुए शुक्रवार को अपनी स्पर्धाओं में जीत दर्ज कर इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

पीवी सिंधु ने...- India TV Hindi
पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया मास्टर्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह Image Source : GETTY

बाली। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और किदाम्बी श्रीकांत ने शानदार लय जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां अपनी स्पर्धाओं में जीत दर्ज कर इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू ने महिला एकल क्वार्टरफाइनल में तुर्की की गैर वरीय नेसलिहान यिजिट पर 35 मिनट में 21-13, 21-10 से जीत दर्ज की जबकि श्रीकांत ने हमवतन एच एस प्रणय को पुरूष एकल के अंतिम आठ मुकाबले में 21-7 21-18 से हराया।

सिंधु का यिजिट के खिलाफ रिकॉर्ड 4-0 का हो गया है। पिछले महीने डेनमार्क ओपन में भी सिंधू ने तुर्की की इस खिलाड़ी को हराया था। पुरूषों की स्पर्धा में पूर्व नंबर एक श्रीकांत ने पहले एकतरफा गेम में महज सात अंक गंवाये। दूसरे गेम में हालांकि बराबर की टक्कर रही लेकिन श्रीकांत ने शानदार वापसी की। सेमीफाइनल में अब उनका सामना थाईलैंड के कनुलावुट विदितसर्ण और डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

 हैदराबाद की 26 साल की खिलाड़ी सिंधू को आसान प्रतिद्वंद्वी मिले हैं लेकिन अब कठिन मुकाबले शुरू होंगे। उनका सामना अब शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान की अकाने यामागुची और पांचवीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल