1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विंबलडन: शारापोवा, मुगुरूजा सेमीफाइनल मैं, जोकोविच भी जीते

विंबलडन: शारापोवा, मुगुरूजा सेमीफाइनल मैं, जोकोविच भी जीते

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 08, 2015 10:56 am IST,  Updated : Jul 08, 2015 11:07 am IST

लंदन: पूर्व चैम्पियन मारिया शारापोवा ने आज यहां तीन सेट तक जूझने के बाद कड़े मुकाबले में जीत के साथ विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि पुरूष एकल के

शारापोवा, मुगुरूजा...- India TV Hindi
शारापोवा, मुगुरूजा सेमीफाइनल मैं, जोकोविच भी जीते

लंदन: पूर्व चैम्पियन मारिया शारापोवा ने आज यहां तीन सेट तक जूझने के बाद कड़े मुकाबले में जीत के साथ विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि पुरूष एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने से पहले शीर्ष वरीय नोवाक जोकोविच को अपनी तीखी सर्विस के लिये मशहूर केविन एंडरसन के खिलाफ आखिरी सेट में भी कुछ विषम पलों से गुजरना पड़ा।

जोकोविच ने लगभग पौने चार घंटे तक चला मुकाबला 6-7, 6-7, 6-1, 6-4, 7-5 से जीता। रोशनी कम होने के कारण कल यह मैच पूरा नहीं हो पाया था। तब इसके चार सेट हो चुके थे जिसमें दोनों खिलाड़ी दो . दो सेट जीतकर बराबरी पर थे।

दूसरी तरफ शारापोवा ने अमेरिका की कोको वेंडेवीघे को 6-3, 6-7, 6-2 से हराकर 2011 के बाद पहली बार विंबलडन सेमीफाइनल मंे प्रवेश किया।

पिछले तीन साल में शारापोवा को 2012 और 2014 में चौथे दौर जबकि 2013 में दूसरे दौर मंे शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

सेमीफाइनल में शारापोवा का सामना शीर्ष वरीय अमेरिका की सेरेना विलियम्स और बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

स्पेन की 20वीं वरीय गारबाइन मुगुरूजा भी पहली बार विंबलडन सेमीफाइनल में प्रवेश करने में सफल रही। इक्कीस बरस की मुगुरूजा ने स्विट्जरलैंड की टीमिया बाकसिंज्की को 7-5, 6-3 से हराया। वह अगले दौर में पोलैंड की एग्निएज्का रदवांस्का और अमेरिका की मेडिसन कीज के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता से भिड़ेंगी।

इससे पहले शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच को दक्षिण अफ्रीका के 14वें वरीय एंडरसन के खिलाफ पांचवें सेट में भी जूझना पड़ा। जोकोविच को आज भी 45 मिनट कोर्ट पर बिताने पड़े। उनका अगला मुकाबला क्रोएशिया के मारिन सिलिच से होगा।

लगातार 25वें ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले जोकोविच ने इसे अपने करियर का सबसे मुश्किल मैच करार दिया। उन्होंने कहा, निश्चित रूप से यह विंबलडन या यूं कहें कि मेरे करियर का सबसे कड़ा मैच था।

जोकोविच ने कहा, मैं दो सेट से पिछड़ रहा था और इसके बाद मैंने वापसी करके पांच सेट में जीत दर्ज की जिससे मुझे काफी संतुष्टि और अगली चुनौती के लिये आत्मविश्वास मिला है। आज भी कुछ पल निराशाजनक रहे लेकिन मैं आगे बढ़ने में सफल रहा और यह मायने रखता है।

जोकोविच पूरे मैच में एंडरसन के सामने जूझते रहे लेकिन आखिर में उन्होंने पांचवें सेट में 6-5 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी की सर्विस तोड़कर मैच अपने नाम किया।

इस हार से एंडरसन ओपन युग में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गये हैं जो ग्रैंडस्लैम में सात बार चौथे दौर में पहुंचने के बावजूद कभी क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना पाये।

इस मैच के बाद अब पुरूष वर्ग की क्वार्टर फाइनल लाइन अप भी पूरी हो गयी है। बुधवार को अब सात बार के चैंपियन रोजर फेडरर का मुकाबला 12वें नंबर के जाइल्स सिमोन से, 2013 के चैंपियन एंडी मर्रे का सामना वासेक पोसपिसिली और फ्रेंच ओपन विजेता स्टैन वावरिंका का रिचर्ड गास्केट से होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल