Friday, January 23, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. 2023 FIH Men’s Hockey World Cup: भारत को मिला वर्ल्ड कप का ड्रेस रिहर्सल का मौका, प्रो लीग में होगा स्पेन से सामना

2023 FIH Men’s Hockey World Cup: भारत को मिला वर्ल्ड कप का ड्रेस रिहर्सल का मौका, प्रो लीग में होगा स्पेन से सामना

2023 FIH Men’s Hockey World Cup: भारत को अगले साल होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप से पहले स्पेन के खिलाफ ड्रेस रिहर्सल करने का मौका मिलेगा। भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह अगले महीने होने वाले एफआईएच प्रो लीग में स्पेन के खिलाफ होने वाले मुकाबले से भरपूर फायदा उठाना चाहते हैं।

Written By: Ranjeet Mishra
Published : Sep 28, 2022 08:29 pm IST, Updated : Sep 28, 2022 08:29 pm IST
Indian Men's Hockey Team- India TV Hindi
Image Source : GETTY Indian Men's Hockey Team

Highlights

  • 2023 हॉकी वर्ल्ड कप में भारत का पहला मैच स्पेन से
  • वर्ल्ड कप से पहले भारत को मिला ड्रेस रिहर्सल का मौका
  • भारत अगले महीने एफआईएच प्रो लीग में करेगा स्पेन का सामना

2023 FIH Men’s Hockey World Cup: भारत को 2023 एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप के पहले मैच में स्पेन का सामना करना है। अच्छी बात ये है कि यूरोप की इस दिग्गज टीम के खिलाफ वर्ल्ड कप की तैयारी करने के लिए भारत को शानदार मौका भी मिलने वाला है। हालांकि इससे लाभ दोनों टीमों को होगा पर बड़े मुकाबले के ड्रेस रिहर्सल में टीम की कमियों को दुरुस्त करने के मौके को बेहतर ढंग से भुनाने वाली टीम हमेशा ज्यादा फायदे में रहती है।

भारत अगले महीने स्पेन के खिलाफ करेगा वर्ल्ड कप का ड्रेस रिहर्सल    

भारत अगले महीने एफआईएच प्रो लीग के नए सीजन में स्पेन की मेजबानी करेगा। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह इस अवसर का उपयोग भुवनेश्वर और राउरकेला में अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले अपने विरोधियों को बेहतर तरीके से समझने के लिए करना चाहते हैं। भारत 28 अक्टूबर को भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में प्रो लीग के पहले मैच में न्यूजीलैंड का सामना करेगा। इसके बाद 30 अक्टूबर को स्पेन के खिलाफ दूसरा मैच होगा।

वर्ल्ड कप में भारत का पहला मुकाबला स्पेन से

2023 मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारत और स्पेन की टीमें एक ही पूल में मौजूद हैं। भारत और स्पेन 13 जनवरी को राउरकेला के नवनिर्मित बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में विश्व कप के पहले मैच में आमने सामने होंगे।

कप्तान मनप्रीत ने हॉकी इंडिया की प्रेस रिलीज में कहा, ‘‘यह बहुत अच्छा है कि हमें प्रो लीग मुकाबले में अभी स्पेन के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा। यह हमें उनके खेल को समझने का मौका देगा। हमें पता चलेगा वर्ल्ड कप में उनका सामना करने से पहले हमें टीम में क्या सुधार करने की जरूरत है।’’

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘कुल मिलाकर हॉकी के लिए यह रोमांचक समय है और मुझे उम्मीद है कि दुनिया भर से प्रशंसक हमारे अभियान का समर्थन करने के लिए राउरकेला और भुवनेश्वर आएंगे।’’

भारत यूरोपीय टीमों के साथ पूल डी में

विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर मौजूद टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता भारत को पूल डी में इंग्लैंड (छठे), स्पेन (आठवें) और डेब्यू करने वाले वेल्स (16वें) के साथ रखा गया है। स्पेन के बाद भारत अपना दूसरा मैच 15 जनवरी को इंग्लैंड के खिलाफ राउरकेला में खेलेगा। इसके बाद टीम राजधानी भुवनेश्वर जाएगी जहां उनका सामना 19 जनवरी को अपने अंतिम ग्रुप मैच में वेल्स से होगा।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement