1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. BWF rankings: लक्ष्य ने हासिल की करियर की बेस्ट रैंकिंग, त्रीशा-गायत्री की जोड़ी पहली बार टॉप 20 में पहुंची

BWF rankings: लक्ष्य ने हासिल की करियर की बेस्ट रैंकिंग, त्रीशा-गायत्री की जोड़ी पहली बार टॉप 20 में पहुंची

 Written By: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat
 Published : Nov 29, 2022 11:05 pm IST,  Updated : Nov 29, 2022 11:07 pm IST

BWF rankings: बैडमिंटन रैंकिंग में लक्ष्य सेन ने दोबारा हासिल किया करियर का बेस्ट छठा स्थान।

Lakshya Sen, BWF Rankings- India TV Hindi
लक्ष्य सेन Image Source : PTI

BWF rankings: भारत के युवा शटलर लक्ष्य सेन ने एक बार फिर से करियर की बेस्ट रैंकिंग हासिल कर ली है। 21 साल के इस स्टार खिलाड़ी ने मंगलवार को जारी नवीनतम बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में दो स्थान के फायदे के साथ दोबारा से करियर की सर्वश्रेष्ठ छठी रैंकिंग हासिल की। उनके अलावा भारतीय की त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की स्टार महिला जोड़ी को भी रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है और दोनों पहली बार टॉप 20 में जगह बनाने में कामयाब रही हैं।

रैंकिंग की बात करें तो मौजूदा सत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले अल्मोड़ा के लक्ष्य ने 23 टूर्नामेंट से 75,024 अंक जुटाए हैं। जबकि पुरुषों के एकल वर्ग में अन्य भारतीय खिलाड़ियों में किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय क्रमश: 11वें और 12वें स्थान पर बरकरार हैं।

त्रीशा-गायत्री को दो स्थान का फायदा

त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला युगल जोड़ी दो स्थान के फायदे से शीर्ष 20 में जगह बनाने में सफल रही है। यह जोड़ी अभी विश्व रैंकिंग में 19वें स्थान पर है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की इस कांस्य पदक विजेता जोड़ी के 17 टूर्नामेंट में 46,020 अंक हैं।

सात्विक-चिराग टॉप 10 में बरकरार

फ्रेंच ओपन और राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पुरुष युगल में सातवें स्थान पर बनी हुई है। इशान भटनागर और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी भी 24वें स्थान पर बरकरार है।

सिंधू छठे स्थान पर कायम

टखने की चोट के कारण बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के बाद किसी भी टूर्नामेंट में नहीं खेलने वाली दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर कायम हैं। महिलाओं के एकल में अन्य भारतीय खिलाड़ियों में लंदन ओलंपिक की मेडलिस्ट साइना नेहवाल 32वें, माल्विका बंसोड़ (35वें) और आकर्षी कश्यप (36वें) स्थान पर काबिज हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल