1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. FIFA World Cup 2026: कनाडाई फुटबॉलर के पैर की हड्डियां टूटीं, स्ट्रेचर पर गए मैदान से बाहर, देखें वीडियो

FIFA World Cup 2026: कनाडाई फुटबॉलर के पैर की हड्डियां टूटीं, स्ट्रेचर पर गए मैदान से बाहर, देखें वीडियो

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 19, 2026 11:39 am IST,  Updated : Jun 19, 2026 11:39 am IST

कनाडाई टीम को फीफा वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा झटका लगा है। मिडफील्डर इस्माइल कोने मैच के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए। इस दौरान उनके पैर की दो हड्डियां टूट गई।

Ismael Kone- India TV Hindi
इस्माइल कोने Image Source : AP

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कतर के खिलाफ 6-0 की बड़ी जीत से कनाडा टीम की खुशी सातवें आसमान पर थी, लेकिन तभी उन्हें एक बड़ा झटका भी लगा। टीम के मुख्य खिलाड़ी इस्माइल कोने चोट लगने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मैच के दौरान कतर के एक खिलाड़ी के रोकने पर उनके पैर की दो हड्डियां टूट गईं, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर लिटाकर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। इसके अलावा, यह मैच एक और बड़ी वजह से चर्चा में रहा। मैच खत्म होने के बाद जश्न मनाने के बजाय दोनों टीमों के बीच लड़ाई शुरू हो गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

कतर के मिडफील्डर की वजह से चोटिल हुए इस्माइल कोने

मैच के दूसरे हाफ की शुरुआत में जब कतर के मिडफील्डर असिम मदीबो ने कनाडाई खिलाड़ी इस्माइल कोने को रोकने की कोशिश की, उस वक्त वो गंभीर रूप से चोटिल हो गए। इस टक्कर के बाद कोने दर्द की वजह से मैदान पर गिर पड़े और तुरंत डॉक्टर की टीम उन्हें चेक करने के लिए मैदान पर पहुंची। मैच के बाद आई शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट से पता चला कि इस्माइल कोने के पैर की दोनों हड्डियां टूट गई हैं। फुटबॉल के खेल में इसे बहुत बड़ी और गंभीर चोट माना जाता है। ऐसी चोट लगने पर खिलाड़ियों को लंबे समय तक खेल से दूर रहना पड़ता है। चोट बहुत ज्यादा गंभीर थी, इसलिए मेडिकल टीम उन्हें तुरंत स्ट्रेचर पर लिटाकर मैदान से बाहर ले गई। अब इस्माइल कोने की सर्जरी होगी।

स्टेडियम में मौजूद फैंस ने बढ़ाया इस्माइल कोने का हौसला

जब इस्माइल कोने चोट लगने की वजह से स्ट्रेचर पर बाहर जा रहे थे, तब स्टेडियम में बैठे हजारों लोग अपनी जगह खड़े हो गए और तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया। बहुत दर्द होने के बाद भी, कोने ने स्ट्रेचर पर बैठे-बैठे ही हाथ हिलाकर फैंस का शुक्रिया अदा किया। वहीं कोने के बाहर जाने के बाद उनकी जगह नाथन सालिबा मैदान में आए। उन्होंने कुछ ही मिनटों में एक बेहतरीन फ्री-किक मारकर कनाडा के लिए एक और गोल कर दिया। गोल करने के बाद सालिबा ने आठ नंबर की जर्सी हवा में लहराने लगे, जो कि इस्माइल कोने का नंबर है। उन्होंने यह गोल अपने घायल साथी खिलाड़ी को डेडिकेट किया।

मैच के बाद दोनों टीमों के प्लेयर्स के बीच हुई बहस

मैच खत्म होने के बाद मैदान का माहौल अचानक बिगड़ गया। कनाडा के कोच जेसी मार्श अपनी टीम की जीत की खुशी मनाने के बाद कतर के कोच जुलेन लोपेटेगी से हाथ मिलाने गए। लेकिन बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों टीमों के खिलाड़ी और स्टाफ आमने-सामने आ गए। उनके बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और तीखी बहस हुई। माहौल खराब होता देख सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों ने बीच-बचाव किया और दोनों टीमों को अलग कर मामला शांत कराया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

यह भी पढ़ें 

फॉफ डुप्लेसी ने 41 साल की उम्र में रच दिया इतिहास, 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से जड़ा शतक

Fifa World Cup 2026: नॉकआउट चरण में पहुंची मेक्सिको की टीम, साउथ कोरिया को 1-0 से हराया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल