1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Chinese Taipei Open: प्रणय और कश्यप का कमाल, एकतरफा जीत के साथ कटाया प्री-क्वार्टर का टिकट

Chinese Taipei Open: प्रणय और कश्यप का कमाल, एकतरफा जीत के साथ कटाया प्री-क्वार्टर का टिकट

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Jun 22, 2023 08:56 am IST,  Updated : Jun 22, 2023 08:56 am IST

एचएस प्रणय और पारूपल्ली कश्यप ताइपे ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर तक पहुंच गए हैं।

HS Prannoy- India TV Hindi
HS Prannoy Image Source : PTI

दुनियाभर के बैडमिंटन खिलाड़ी इस वक्त ताइपे ओपन में एक-दूसरे का सामना कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट में भारत के भी कई स्टार शटलर हिस्सा ले रहे हैं। भारत के स्टार शटलर एचएस प्रणय और पारूपल्ली कश्यप इस टूर्नामेंट के प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। इन दोनों ने अपने पहले दौर के मुकाबलों में आसानी से जीत दर्ज की।

प्रणय और कश्यप अगले राउंड में

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों एचएस प्रणय और पारूपल्ली कश्यप ने बुधवार को यहां अपने अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ सीधे गेम में जीत के साथ ताइपे ओपन के पुरुष एकल प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दुनिया के 9वें नंबर के खिलाड़ी प्रणय को स्थानीय खिलाड़ी लिन यू सिएन को इस बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 300 टूर्नामेंट के पहले दौर में सिर्फ 26 मिनट में 21-11 21-10 से हराने के दौरान अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी। 

अगले राउंड में सुगियार्तो से सामना

पिछले महीने मलेशिया मास्टर्स सुपर 300 का खिताब जीतने वाले तीसरे वरीय प्रणय अगले दौर में टॉमी सुगियार्तो का सामना करेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता कश्यप ने भी जर्मनी के सैमुअल सियाओ के खिलाफ सीधे गेम में 21-15 21-16 की आसान जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई। वह प्री क्वार्टर फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी सू ली यैंग से भिड़ेंगे। राष्ट्रीय चैंपियन मिथुन मंजूनाथ को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद दूसरे वरीय स्थानीय खिलाड़ी चाउ टिन चेन के खिलाफ एक घंटे और 11 मिनट चले मुकाबले में 18-21, 21-14, 16-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। महिला एकल में तानिया हेमंत जीत दर्ज करने वाली एकमात्र भारतीय रहीं। उन्होंने हंगरी की एग्नेस कोरोसी को सीधे गेम में 21-7 21-17 से हराया। 

ताइ जू यिंग से से सामना

दूसरे दौर में हालांकि 19 साल की तानिया को विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक की रजत पदक विजेता तथा शीर्ष वरीय ताइ जू यिंग से भिड़ना होगा। मिश्रित युगल में सिक्की रेड्डी और रोहन कपूर ने नवनीत बोक्का और प्रिया कोंजेंगबाम की हमवतन भारतीय जोड़ी को 21-14 21-17 से हराया। सिक्की और रोहन प्री क्वार्टर फाइनल में च्यू सियांग चीह और लिन शियाओ मिन से भिड़ेंगे। एस शंकर मुथुस्वामी सुब्रमण्यन, किरण जॉर्ज, मेइराबा लुवांग मेसनाम, सतीश कुमार करूणाकरन, रुतविका शिवानी गड्डे और आकर्षी कश्यप को हालांकि हार का सामना करना पड़ा। सुब्रमण्यन को छठे वरीय केंटा सुनयामा ने सीधे गेम में 21-13 21-5 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया जबकि किरण को मलेशिया के लियोंग जुन हाओ के खिलाफ कड़े मुकाबले में 20-22 21-12 9-21 से हार झेलनी पड़ी। 

मेइराबा को पांचवें वरीय एनजी का लोंग एंगस के खिलाफ 18-21 17-21 से हार का सामना करना पड़ा जबकि सतीश को स्थानीय दावेदार ची यू जेन के खिलाफ सीधे सेट में 10-21 10-21 से शिकस्त मिली। रुतविका को स्थानीय खिलाड़ी च्यू पिन चियान ने सीधे गेम में 12-21 5-21 से हराया जबकि आकर्षी को पहला गेम जीतने के बावजूद हुआंग यू सुन के खिलाफ 21-10 16-21 11-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल