1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. COVID-19: फुटबॉल क्लब बार्सिलोना और बायर्न म्यूनिख में कोरोना विस्फोट, कई खिलाड़ी हुए संक्रमित

COVID-19: फुटबॉल क्लब बार्सिलोना और बायर्न म्यूनिख में कोरोना विस्फोट, कई खिलाड़ी हुए संक्रमित

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 04, 2022 12:17 pm IST,  Updated : Jan 04, 2022 12:17 pm IST

बार्सिलोना के कोविड-19 से संक्रमित खिलाड़ियों की सूची में युवा मिडफील्डर पेड्री गोंजालेज और हाल ही में टीम से जुड़ने वाले फेर्रान टोरेस का नाम भी जुड़ गया है। वहीं, बायर्न के भी कई खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव पाए गये हैं।

पेड्री गोंजालेज और फेर्रान टोरेस- India TV Hindi
पेड्री गोंजालेज और फेर्रान टोरेस की फाइल फोटो Image Source : GETTY

Highlights

  • बार्सिलोना के युवा मिडफील्डर पेड्री गोंजालेज और फेर्रान टोरेस हुए कोरोना संक्रमित
  • हाल ही में मैनचेस्टर सिटी को छोड़कर बार्सिलोना से जुड़े हैं फेर्रान टोरेस
  • बुंदेसलीगा के 18 क्लबों में से 13 क्लब में संक्रमण के मामले पाये गये

स्पेन की फुटबॉल क्लब बार्सिलोना के लिए मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। टीम के कोविड-19 से संक्रमित खिलाड़ियों की सूची में युवा मिडफील्डर पेड्री गोंजालेज और हाल ही में टीम से जुड़ने वाले फेर्रान टोरेस का नाम भी जुड़ गया है। जबकि जर्मन क्लब और बुंदेसलीगा चैंपियन बायर्न म्यूनिख की संक्रमण के कारण तैयारियों को झटका लगा है।

फेर्रान टोरेस हाल ही में मैनचेस्टर सिटी को छोड़कर बार्सिलोना से जुड़े हैं। बार्सिलोना के घरेलू मैदान कैंप नोउ में हजारों प्रशंसकों के सामने उन्हें आधिकारिक तौर पर बार्सिलोना की जर्सी सौंपी गयी थी लेकिन इसके कुछ घंटों बाद पता चला कि कोविड-19 के लिये उनका कोरोना का परीक्षण पॉजिटिव आया है।  बार्सिलोना ने बयान जारी कर कहा  है कि टोरेस और पेड्री दोनों का स्वास्थ्य अच्छा है और वे अपने घरों में आइसोलेटेड हैं। बार्सिलोना को संक्रमण के कारण अब भी गावी, ओस्मान डेम्बेले, सर्गिनो डेस्ट, फिलिप कॉटिन्हो और अब्दे एज़लज़ौली की सेवाएं नहीं मिल रही हैं। जबकि जोर्डी अल्बा और डॉनी एल्वेस ने परीक्षण नेगेटिव आने के बाद सोमवार को अभ्यास शुरू कर दिया है।

इस बीच बुंदेसलीगा के 18 क्लबों में से 13 क्लब में संक्रमण के मामले पाये गये हैं। जो टीम सबसे अधिक प्रभावित हैं उनमें मौजूदा चैंपियन बायर्न म्यूनिख भी है। उसके कई खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों का वापसी पर परीक्षण पॉजिटिव आया है जिससे उसे अपना अभ्यास टालना पड़ा। बायर्न के जिन सदस्यों का परीक्षण पॉजिटिव आया है उनमें कप्तान और गोलकीपर मैनुअल नेउर, लुकास हर्नांडेज, किंग्सले कोमन, कोरेंटिन टॉलिसो और उमर रिचर्ड्स तथा सहायक कोच डिनो टॉपमोलर शामिल हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल