1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. ट्रंप के दखल से रेड कॉर्ड मिले USA के खिलाड़ी को मिली खेलने की मंजूरी, UEFA ने जताई कड़ी आपत्ति

ट्रंप के दखल से रेड कॉर्ड मिले USA के खिलाड़ी को मिली खेलने की मंजूरी, UEFA ने जताई कड़ी आपत्ति

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 06, 2026 04:26 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 04:27 pm IST

FIFA वर्ल्ड कप 2026 में डोनाल्ड ट्रंप के दखल से बेल्जियम की फुटबॉल टीम और UEFA नाराज हो गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने रेड कॉर्ड मिले अमेरिकी खिलाड़ी के सस्पेंशन को लेकर फीफा से बात की थी, जिसके बाद खिलाड़ी को अगले मैच में खेलने की मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

FIFA- India TV Hindi
फोलारिन बालोगुन, फीफा प्रेसिडेंट जियानी इन्फेंटिनो और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : AFP

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच इस समय चरम पर है। राउंड ऑफ 16 में फुटबॉल फैंस को एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। इस बीच USA के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंंप यूरोपियन फुटबॉल फैंस के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दखल के बाद FIFA ने USA के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगन पर रेड कार्ड की वजह से लगा सस्पेंशन हटा लिया है। इस फैसले से बालोगन 7 जुलाई को बेल्जियम के खिलाफ के राउंड ऑफ 16 मैच में खेल सकेंगे। इससे बेल्जियम और यूरोपियन फैंस ट्रंप और फीफा की जमकर आलोचन कर रहे हैं।

बेल्जियम की टीम ने जताया विरोध

फीफा ने 5 जुलाई ने कन्फर्म किया कि राउंड ऑफ 16 मैच के लिए सस्पेंशन हटा लिया गया है। इस फैसले पर ट्रंप ने फुटबॉल की ग्लोबल बॉडी फीफा की तारीफ की, जबकि बेल्जियम की टीम ने नाराजगी जताई। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा कि सही काम करने और एक बड़े अन्याय को पलटने के लिए FIFA का शुक्रिया! बता दें, 1 जुलाई को बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ राउंड ऑफ 32 के मैच के दौरान बालोगुन को उनकी हरकत के लिए रेड कार्ड दिखाया गया था। 

इस बीच, रॉयल बेल्जियन फुटबॉल एसोसिएशन ने कहा कि वे इस कदम से हैरान हैं। बेल्जियम के कोच रूडी गार्सिया ने FIFA के इस फैसले का मजाक भी उड़ाया। गार्सिया ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि FIFA के दफ्तरों में 5 जुलाई को 1 अप्रैल माना जाता है। बेल्जियन फेडरेशन सिर्फ अपना या नेशनल टीम का बचाव नहीं कर रहा है। वह आम तौर पर फुटबॉल, अपनी ईमानदारी और अपने नैतिक मूल्यों का बचाव कर रहा है। उन्हें लगता है कि वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा फैसला पहली बार लिया गया है।

FIFA ने जारी किया बयान

इस बीच, FIFA ने रेड कार्ड सस्पेंशन को पलटने के अपने फैसले का बचाव करते हुए इसके लिए आर्टिकल 27 का हवाला दिया। FIFA ने एक बयान में कहा कि FIFA डिसिप्लिनरी कोड के आर्टिकल 27 के तहत मैच सस्पेंशन को एक साल की प्रोबेशनरी अवधि के लिए रोक दिया गया है। हाल ही में पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को वर्ल्ड कप का ओपनिंग मैच खेलने की मंजूरी मिल गई, क्योंकि पुर्तगाल के आखिरी वर्ल्ड कप क्वालिफायर मैच के दौरान सीधे रेड कार्ड मिलने की वजह से उन पर लगा तीन मैचों का बैन टाल दिया गया था।

UEFA ने जताई आपत्ति

यूरोपियन फुटबॉल संस्था UEFA ने वर्ल्ड कप में अमेरिकी स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन के रेड-कार्ड बैन को सस्पेंड करने के FIFA के फैसले की कड़ी आलोचना की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के FIFA से मामले की समीक्षा करने के लिए कहने के बाद यह फैसला लिया गया था। UEFA ने कहा कि वर्ल्ड सॉकर की गवर्निंग बॉडी ने रेड लाइन पार कर ली है और खेल की ईमानदारी को कमजोर किया है। UEFA ने सोमवार को एक बयान में कहा कि हम ऐसे अभूतपूर्व, समझ से बाहर और अनुचित फैसले पर हैरानी जाहिर करते हैं।

यह भी पढ़ें:

फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा इंग्लैंड, 10 प्लेयर से खेलते हुए मेक्सिको को 3-2 से हराया

नॉर्वे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में किया बड़ा उलटफेर, पांच बार की चैंपियन ब्राजील को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल