1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन स्पेन को मिले 481 करोड़ रुपये, हारकर भी मालामाल हुई अर्जेंटीना

फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन स्पेन को मिले 481 करोड़ रुपये, हारकर भी मालामाल हुई अर्जेंटीना

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 20, 2026 07:21 am IST,  Updated : Jul 20, 2026 07:21 am IST

2026 फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल मैच स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर अपने नाम कर लिया है। इस बड़ी जीत के साथ ही विजेता टीम स्पेन को इनाम के रूप में रिकॉर्ड 50 मिलियन डॉलर (यानी करीब 481 करोड़ रुपये) मिले हैं।

FIFA Champion Spain- India TV Hindi
फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन स्पेन Image Source : AP

19 जुलाई को रोड्री की कप्तानी में स्पेन की टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रच दिया है। फाइनल मैच में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से मात दी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला इतना कड़ा था कि तय समय में कोई गोल नहीं हो पाया और मैच एक्स्ट्रा टाइम में चला गया, जहां स्पेन के खिलाड़ी फेरान टोरेस ने गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिला दी। स्पेन की इस ऐतिहासिक जीत की चमक सिर्फ ट्रॉफी जीतने तक ही नहीं रही, बल्कि चैंपियन बनते ही स्पेन की टीम ने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी प्राइज मनी भी अपने नाम कर ली।

फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन स्पेन को मिले 50 मिलियन डॉलर

फीफा ने वर्ल्ड कप जीतने वाली स्पेन की टीम को 50 मिलियन डॉलर (यानी लगभग 481 करोड़ रुपये) का भारी-भरकम इनाम दिया है। यह फीफा वर्ल्ड कप के पूरे इतिहास में किसी भी विजेता टीम को मिलने वाली अब तक की सबसे बड़ी प्राइज मनी है। अगर पिछले वर्ल्ड कप से तुलना करें, तो 2022 में जब अर्जेंटीना चैंपियन बनी थी, तब उसे 42 मिलियन डॉलर मिले थे। इसका मतलब है कि इस बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की इनामी राशि में पूरे 8 मिलियन डॉलर (यानी करीब 66 करोड़ रुपये) की बढ़ोतरी की गई है।

अर्जेंटीना को मिले 33 मिलियन डॉलर

फाइनल मैच हारने के बाद भी अर्जेंटीना की टीम को काफी बड़ी रकम मिली है। रनर अप रहने की वजह से अर्जेंटीना को 33 मिलियन डॉलर (यानी करीब 318 करोड़ रुपये) मिले, जो कि पिछले वर्ल्ड कप के मुकाबले 3 मिलियन डॉलर (करीब 29 करोड़ रुपये) ज्यादा हैं। वहीं, इस टूर्नामेंट में तीसरे नंबर पर रही इंग्लैंड की टीम को 29 मिलियन डॉलर (लगभग 279 करोड़ रुपये) और चौथे नंबर पर रहे फ्रांस को 27 मिलियन डॉलर (लगभग 260 करोड़ रुपये) की इनामी राशि मिली है।

राउंड ऑफ 16 और राउंड ऑफ 32 खेलने वाली टीमों को भी मिले करोड़ों रुपये

फीफा ने इस बार 48 टीमों के साथ टूर्नामेंट का आयोजन करवाया, जिसके लिए इनाम के पैसों में भी भारी बढ़ोतरी की गई। इस बार वर्ल्ड कप में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली हर टीम को 19 मिलियन डॉलर (करीब 183 करोड़ रुपये) मिले। वहीं, जो टीमें 'राउंड ऑफ 16' (यानी टॉप 16 में) आकर बाहर हो गईं, उन टीमों को 15 मिलियन डॉलर (करीब 144 करोड़ रुपये) दिए गए। जो टीमें 'राउंड ऑफ 32' (टॉप 32) का मैच हारकर बाहर हुईं, उन्हें 11 मिलियन डॉलर (लगभग 106 करोड़ रुपये) का इनाम मिला। यहां तक कि ग्रुप स्टेज (शुरुआती दौर) से ही बाहर हो जाने वाली हर टीम को 9 मिलियन डॉलर (करीब 87 करोड़ रुपये) मिले।

फीफा ने वर्ल्ड कप के लिए रखा था 871 मिलियन डॉलर का प्राइज मनी

इस पूरे वर्ल्ड कप 2026 में फीफा ने कुल 871 मिलियन डॉलर (करीब 8386 करोड़ रुपये) का प्राइज मनी रखा था, जो कि पिछले वर्ल्ड कप से 431 मिलियन डॉलर ज्यादा है। इस पूरे पैसे में से 655 मिलियन डॉलर टीमों को उनके अच्छे खेल और प्रदर्शन के आधार पर दिए गए, जबकि बाकी का बचा हुआ पैसा टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करने और मैच की तैयारी करने के खर्च के रूप में टीमों को दिया गया।

यह भी पढ़ें

लियोनेल मेसी ने रचा नया इतिहास, फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में तीसरी बार कप्तानी करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने

FIFA वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद टूटे लियोनेल मेसी, फूट-फूटकर रोने का वीडियो हुआ वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल