1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. French Open 2025: नोवाक जोकोविच को मिली करारी हार, इस खिलाड़ी ने फाइनल में मारी एंट्री; तोड़ा खिताब का सपना

French Open 2025: नोवाक जोकोविच को मिली करारी हार, इस खिलाड़ी ने फाइनल में मारी एंट्री; तोड़ा खिताब का सपना

 Published : Jun 07, 2025 11:50 am IST,  Updated : Jun 07, 2025 12:19 pm IST

फ्रेंच ओपन 2025 के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच को यानिक सिनर से हार का सामना करना पड़ा। पूरे मैच में सिनर ने अपना दबदबा बनाए रखा और जोकोविच को कोई मौका नहीं दिया।

नोवाक जोकोविच- India TV Hindi
नोवाक जोकोविच Image Source : GETTY

फ्रेंच ओपन 2025 के मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच को यानिक सिनर ने हरा दिया। जोकोविच सेमीफाइनल में पूरी तरह से लय से भटके हुए नजर आए और विरोधी खिलाड़ी के सामने चुनौती पेश नहीं कर सके। हार के साथ ही उनका फ्रेंच ओपन 2025 का खिताब जीतने का सपना टूट गया और सिनर ने फाइनल में एंट्री कर ली, जहां उनका सामना कार्लोस अल्काराज से होगा, जो बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं।

जोकोविच ने किया खराब प्रदर्शन

नोवाक जोकोविच को सेमीफाइनल के पहले सेट में 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद दूसरे सेट में उन्होंने वापसी की कोशिश की, लेकिन यहां भी बाजी यानिक सिनर मार ले गए और 7-5 से सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद तीसरे सेट में मुकाबला टाई ब्रेकर तक चला गया। यहां भी जोकोविच को 7-6 (7-3) से हार मिली। सेट के साथ उन्होंने मैच भी गंवा दिया। टाई ब्रेकर में जो भी खिलाड़ी पहले 7 अंक तक पहुंच जाता है, वह सेट जीत जाता है।

मैच हारे के बाद निराश जोकोविच

नोवाक जोकोविच मेंस सिंगल्स में सबसे ज्यादा 24 ग्रैंडस्लैम जीतने वाले खिलाड़ी हैं। लेकिन फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में वह सिनर की सटीकता और तेज फोरहैंड का मुकाबला नहीं कर सके। मैच हारने के बाद जोकोविच निराश दिखे। वह भावुक भी हो गए और उन्होंने कहा कि यह फ्रेंच ओपन में उनका आखिरी मैच भी हो सकता है। हार के बाद उन्होंने हाथ चूमा और फिर उसे मिट्टी पर रख दिया।

दो सर्वश्रेष्ठ प्लेयर्स के बीच होगा फाइनल: जोकोविच

नोवाक जोकोविच ने कहा कि मैं लगातार दबाव में महसूस कर रहा था। वह लगातार लाइन पर था, मुझे बचाव करने की कोशिश कर रहा था। इसलिए वह दुनिया में नंबर 1 है। मैं उसे फाइनल के लिए शुभकामनाएं देता हूं। मुझे लगता है कि यह उसके और कार्लोस के साथ एक अद्भुत मुकाबला होने वाला है, जो इस समय दो सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल