हॉकी इंडिया लीग (HIL) का अगला सीजन जनवरी 2026 में आयोजित होगा और इस बार लीग के मैच दो नहीं बल्कि तीन अलग-अलग स्थलों पर खेले जाएंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुरुषों की प्रतियोगिता पहले की तरह आठ टीमों की रहेगी, जबकि महिला कैटेगिरी में टीमों की संख्या चार से बढ़कर 6 तक की जा सकती है। हालांकि, इस बार मेन्स कैटेगिरी की गोनासिका टीम और महिला वर्ग की मौजूदा चैंपियन ओडिशा वॉरियर्स निजी कारणों से प्रतियोगिता से हट गई हैं।
टिर्की ने कहा कि उनकी जगह लेने वाली नई टीमों की घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला कैटेगिरी में कम से कम चार और मेन्स कैटेगिरी में आठ टीमें जरूर रहेंगी। हम महिला टीमों की संख्या बढ़ाकर 6 करने पर विचार कर रहे हैं और इस पर बातचीत जारी है। इस बार लीग के आयोजन वेन्यू में तीन शहर शामिल होंगे। दो पुराने शहरों के साथ एक नया शहर जोड़ा जाएगा। ओडिशा के राउरकेला और भुवनेश्वर में से किसी एक को चुना जाएगा। वहीं, चंडीगढ़ और मोहाली का नाम भी सामने आया था, लेकिन जनवरी में कोहरे की समस्या को देखते हुए फिलहाल फैसला टाल दिया गया है।
टिर्की ने यह भी जानकारी दी कि पिछली लीग के सभी खिलाड़ियों का बकाया चुका दिया गया है। खासकर ओडिशा वॉरियर्स टीम की ओर से भुगतान में हुई देरी को हॉकी इंडिया ने सीधे खिलाड़ियों को उनकी पुरस्कार राशि से समायोजित कर दिया।
अगले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी सितंबर के अंत या अक्टूबर के पहले सप्ताह में होगी। इस नीलामी में गोनासिका और ओडिशा वॉरियर्स के अलावा अन्य टीमों द्वारा रिलीज किए गए खिलाड़ी भी शामिल होंगे। टिर्की ने आगे कहा कि भारत अगले साल होने वाले हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों में अपनी सबसे मजबूत टीमें उतारेगा। उन्होंने बताया कि एशियाई खेल विश्व कप के करीब तीन सप्ताह बाद होंगे और टीमों की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
संपादक की पसंद