एफआईएच (FIH) प्रो लीग के लंदन दौरे के अपने पहले ही मैच में 23 जून को भारत का मुकाबला अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हो रहा है। भारतीय टीम इस मैच में भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी। रॉटरडैम स्टेज में नीदरलैंड जैसी मजबूत टीम को हराने के बाद भारतीय मेंस हॉकी टीम का हौसला काफी बुलंद है। उन्होंने इस मैच में पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा है। साल 2024 में चीन में हुई एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के बाद, भारत और पाकिस्तान की टीमें आज पहली बार आमने-सामने आई हैं। पिछले उस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो शानदार गोलों की मदद से भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया था। पाकिस्तान के खिलाफ जारी मैच में टीम इंडिया हाफ टाइम तक 2-1 से आगे है।
अभिषेक और नीलाकांता ने टीम इंडिया के लिए दागे गोल
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे हॉकी मैच में भारतीय टीम हाफ-टाइम तक आगे रही। भारत को यह बढ़त अभिषेक और नीलाकांता के शानदार गोलों की वजह से मिली। वैसे मैच की शुरुआत में पाकिस्तान की टीम भारी पड़ रही थी। उन्होंने पहले क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाया और गोल करके भारत पर 1-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भी पाकिस्तान ने तेजी से हमले किए और भारत पर दबाव बनाने की पूरी कोशिश की। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने हिम्मत नहीं हारी और समझदारी से खेलते हुए ओपन प्ले के दौरान शानदार गोल दागकर मैच में शानदार वापसी की।
भारत के प्लेयर्स ने उठाया मौके का फायदा
मैच में भारत के लिए पहला गोल अभिषेक ने किया। उन्होंने दिलप्रीत से मिले पास को तेजी से गोल पोस्ट के अंदर पहुंचा दिया। इसके थोड़ी देर बाद ही नीलाकांता ने एक जबरदस्त शॉट लगाकर भारत का स्कोर 2-1 कर दिया। यह मौका तब बना जब हरमनप्रीत के शॉट को पाकिस्तान के डिफेंडरों ने रोक तो लिया, लेकिन गेंद उनके स्टिक से लगकर नीलाकांता के पास आ गई और उन्होंने बिना देर किए शानदार गोल दाग दिया। वैसे इस मैच में पाकिस्तान का डिफेंस काफी मजबूत रहा है, क्योंकि उन्होंने भारत को मिले नौ पेनल्टी कॉर्नर में से सिर्फ एक पर ही गोल होने दिया। इसके बावजूद अब पाकिस्तानी टीम पर हार का दबाव साफ नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें
एम्बाप्पे का 100वें मैच में बड़ा धमाका, फ्रांस नॉकआउट में, FIFA वर्ल्ड कप में बना नया इतिहास