1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय हॉकी टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को हराकर किया कमाल, सेमीफाइनल में मारी धमाकेदार एंट्री

भारतीय हॉकी टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को हराकर किया कमाल, सेमीफाइनल में मारी धमाकेदार एंट्री

 Published : Aug 04, 2024 03:25 pm IST,  Updated : Aug 04, 2024 03:42 pm IST

Indian Hockey Team: पेरिस ओलंपिक के 9वें दिन भारतीय हॉकी टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को शूटआउट में 4-2 से हराया है। इसी के साथ हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।

Indian Hockey team- India TV Hindi
Indian Hockey team Image Source : PTI

भारतीय हॉकी टीम ने इंग्लैंड को शूटआउट में 4-2 से हरा दिया है। फुल टाइम तक दोनों का स्कोर 1-1 से बराबर था। लेकिन शूटआउट में पीआर श्रीजेश के दम पर भारत ने सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। भारत ने लगातार दूसरी बार ओलंपिक में हॉकी के सेमीफाइनल में एंट्री की है। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक 2020 में भी भारत सेमीफाइनल में पहुंचा था। तब भारत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस बार भी टीम इंडिया से पदक की उम्मीदें हैं। 

पहले क्वार्टर में नहीं हुआ गोल

भारत और ग्रेट ब्रिटेन दोनों टीमों ने पहले क्वार्टर में कमाल का प्रदर्शन किया और गोल करने के कई प्रयास किए। लेकिन दोनों टीमों से किसी को भी सफलता नहीं मिली। पहले क्वार्टर में पीआर श्रीजेश ने ग्रेट ब्रिटेन की तरफ से किए गए कई बेहतरीन गोल बचाए। भारत को भी पेनाल्टी कॉर्नर मिले। लेकिन भारतीय टीम गोल नहीं कर सकी। इस तरह से पहला क्वार्टर गोल रहित रहा। 

हरमनप्रीत सिंह ने किया गोल

दूसरे क्वार्टर में भारतीय हॉकी टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने के कई मौके बनाए। इसी क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ी अमित रोहिदास को रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद भारतीय टीम ने बचा हुआ मुकाबला 10 प्लेयर्स के साथ खेला। भारतीय टीम के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह का इस मैच में भी दमदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने 22वें मिनट में गोल कर दिया। लेकिन इसके बाद ग्रेट ब्रिटेन के ली मोर्टन ने गोल कर दिया। इसी की बदौलत ब्रिटेन ने मैच में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। भारत 10 प्लेयर्स के साथ खेल रहा था, तो ऐसे में लग रहा था कि ग्रेट ब्रिटेन की टीम आसानी से मुकाबला जीत जाएगी। पर पीआर श्रीजेश ने कोई गोल नहीं होने दिया। 

निर्धारित समय तक मैच 1-1 से बराबर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट हुआ। इसमें भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल ने गोल किए। जबकि इंग्लैंड के दो शॉट पीआर श्रीजेश ने बचा लिए। वह भारत की जीत में सबसे बडे़ नायक साबित हुए हैं। वह ब्रिटेन और गोल के बीच में बड़ी दीवार बन गए थे। उनकी वजह से ही टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच पाई है। 

यह भी पढ़ें: 

मोदी सरकार ने पेरिस ओलंपिक के लिए लिया अहम फैसला, एथलीट्स को राहत देने के लिए किया बड़ा काम

IND vs SL वनडे सीरीज के बीच में ही इस खिलाड़ी की हुई स्क्वाड में एंट्री, अचानक मिल गई जगह

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल