1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा ने बनाया रिकॉर्ड, बेस्ट थ्रो के साथ फाइनल के लिए किया क्वालीफाई

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा ने बनाया रिकॉर्ड, बेस्ट थ्रो के साथ फाइनल के लिए किया क्वालीफाई

 Written By: Priyam Sinha
 Published : Aug 25, 2023 02:23 pm IST,  Updated : Aug 25, 2023 03:08 pm IST

भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने बूडापेस्ट में जारी वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उतरते ही कमाल कर दिया है। उन्होंने एक ही थ्रो में फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।

Neeraj Chopra- India TV Hindi
Neeraj Chopra Image Source : AP

हंगरी के बूडापेस्ट में जारी वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने धमाकेदार आगाज किया है। उन्होंने इस चैंपियनशिप का अपना बेस्ट और अपने सीजन का बेस्ट थ्रो फेंकते हुए पहले थ्रो में ही फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। ग्रुप ए की प्रतिस्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने 88.77 मीटर का थ्रो किया और यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया। इस प्रतियोगिता का फाइनल अब रविवार को होगा। इस इवेंट में भारत के अन्य थ्रोअर डीपी मनु ने भी हिस्सा लिया। आपको बता दें कि प्रतियोगिता में 85.5 मीटर का थ्रो किसी भी एथलीट को क्वालीफाई करने के लिए फेंकना था। नीरज ने पहले ही अटेम्प्ट में इसे पार कर दिया। साथ ही उन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

यह हैं नीरज चोपड़ा के करियर के बेस्ट थ्रो

टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर का थ्रो फेंकते हुए गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियनशिप में कमाल कर दिया। उन्होंने अपना इस सीजन का ही नहीं बल्कि वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप का भी बेस्ट थ्रो फेंका। उन्होंने इससे पहले ओरेगन 2022 में क्वालीफिकेशन राउंड के दौरान 88.39 मीटर और फाइनल में 88.13 मीटर थ्रो किया था। पर इस बार क्वालीफिकेशन के पहले अटेम्प्ट में ही उन्होंने 88.77 मीटर के थ्रो से अपना जलवा दिखाया। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.94 मीटर का रहा है, जो 30 जून 2022 को स्वीडन में स्टॉकहोम डायमंड लीग में आया था। यह जैवलिन थ्रो भारत में पुरुषों के नेशनल रिकॉर्ड और नीरज चोपड़ा के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ के रूप में भी दर्ज है। 

पिछले तीन नेशनल रिकॉर्ड भी नीरज चोपड़ा के नाम ही थे। जिसमें पावो नुरमी गेम्स 2022 में 89.30 मीटर, पटियाला में 2021 इंडियन ग्रांड प्री 3 में 88.07 मीटर और जकार्ता में 2018 एशियाई खेल में 88.06 मीटर के थ्रो शामिल हैं। नीरज चोपड़ा ने अब तक कुल 42 बार 85 मीटर का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने दोहा डायमंड लीग 2023 में भी 85 मीटर का आंकड़ा पार किया था। उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी माने जा रहे एंडरसन पीटर्स 80 मीटर का आंकड़ा भी क्वालीफिकेशन में अपने तीनों प्रयासों के बाद नहीं पार कर सके। 

डीपी मनु का भी शानदार प्रदर्शन

वहीं ग्रुप ए की इस प्रतियोगिता में भारत के दूसरे जैवलिन थ्रो एथलीट डीपी मनु ने भी प्रभावित किया। उन्होंने तीन प्रयासों में क्रमश: 78.10, 81.31, 72.40 मीटर के थ्रो किए। इस ग्रुप की प्रतियोगिता में वह तीसरे स्थान पर रहे। वहीं जर्मनी के जूलियन वेबर 82.39 के बेस्ट थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इन तीन के अलावा चौथे स्थान पर रहे पोलैंड के डेविड वेगनर जिनका बेस्ट थ्रो 81.25 का था। नीरज का सबसे बड़ा विरोधी जिन्हें माना जा रहा था वह एंडरसन पीटर्स 78.49 के बेस्ट थ्रो के साथ सातवें स्थान पर रहे। अब ग्रुप बी की प्रतियोगिता भी होगी। दोनों ग्रुप मिलाकर कुल 12 टॉप थ्रोअर फाइनल में जाएंगे। ग्रुप बी में भारत के लिए किशोर जेना पर नजरें होंगी। दोनों ग्रुप के राउंड के बाद टॉप 12 थ्रो वाले एथलीट फाइनल में जाएंगे।

यह भी पढ़ें:-

WWE के स्टार रेसलर की अचानक हुई मौत, 36 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में फिर टूटा भारत का दिल, लॉन्ग जंप फाइनल में हारे जेस्विन एल्ड्रिन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल