1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. प्रो कबड्डी लीग: गुजरात जायंट्स की टीम ने लॉन्च कर दी नई जर्सी, इसे सौंपी कप्तानी की जिम्मेदारी

प्रो कबड्डी लीग: गुजरात जायंट्स की टीम ने लॉन्च कर दी नई जर्सी, इसे सौंपी कप्तानी की जिम्मेदारी

 Reported By: Nirnay Kapoor Edited By: Govind Singh
 Published : Aug 19, 2025 09:46 pm IST,  Updated : Aug 19, 2025 09:58 pm IST

प्रो कबड्डी लीग के 12वां सीजन शुरू होने से पहले ही गुजरात जायंट्स की टीम ने अपनी नई जर्सी लॉन्च की है। इसके अलावा ईरानी डिफेंडर शादलूई को कप्तान बनाया है।

gujarat giants- India TV Hindi
प्रो कबड्डी लीग के लिए गुजरात जायंट्स की नई जर्सी हुई लॉन्च Image Source : REPORTER INPUT

प्रो कबड्डी लीग का अपना फैन बेस है और इस लीग को भारत के अलावा पूरी दुनिया में पसंद किया जाता है। अब अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की स्वामित्व वाली गुजरात जायंट्स ने प्रो कबड्डी लीग में स्टार मोहम्मदरेजा शादलूई को कप्तान बनाने का ऐलान किया है। इसके अलावा अहमदाबाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की नई जर्सी भी लॉन्च की गई है।

ऑक्शन में मोहम्मदरेजा शादलूई को मिले 2.23 करोड़ रुपए

PKL के 12वें सीजन के लिए गुजरात जायंट्स की जर्सी लॉन्च के कार्यक्रम में हेड कोच जयरवीर शर्मा, असिस्टेंट कोच वरिंदर सिंह संधू और अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के चीफ बिजनेस ऑफिसर संजय अडेसरा उपस्थित रहे। इस साल प्रो कबड्डी लीग के ऑक्शन में गुजरात की टीम ने ईरानी स्टार मोहम्मदरेजा शादलूई को 2.23 करोड़ रुपए की मोटी रकम पर खरीदा था।

मोहम्मदरेजा शादलूई के पास है अपार अनुभव

मोहम्मदरेजा शादलूई अब टीम के कप्तान बन गए हैं और उनके पास अपार अनुभव मौजूद है, जो टीम के काम आ सकता है। वह बेहतरीन डिफेंडर भी रहे हैं और उनके पास वह काबिलियत है कि वह गुजरात जायंट्स की टीम को मैच जिता सकें। वह दो बार के पीकेएल चैम्पियन, मौजूदा एमवीपी और कई बार बेस्ट डिफेंडर रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात जायंट्स की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व की बात है। हमारी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी युवा हैं, जिससे हम एक ऊर्जावान और गतिशील टीम हैं। हम इस सीजन के लिए बेहद उत्साहित हैं और मैं अदाणी स्पोर्ट्सलाइन तथा हमारे कोचों का इस जिम्मेदारी के लिए धन्यवाद करता हूं। हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।

हेड कोच जयरवीर शर्मा ने कही ये बात

हेड कोच जयरवीर शर्मा ने कहा कि मैं उतना ही उत्साहित और घबराया हुआ हूं जितना कोई खिलाड़ी, क्योंकि यह मेरा पहला पीकेएल सीजन होगा। हमारा बेंगलुरु में आयोजित प्री-सीजन कैंप हमें अच्छी तैयारी दे चुका है। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन ने हमारी पूरी देखभाल की है और हमारा लक्ष्य कुछ महीनों बाद खिताब जीतकर अहमदाबाद लौटना और आप सबके साथ जश्न मनाना है।

युवाओं को मंच देने की फिलॉसफी पर चल रहे: संजय अडेसरा

अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के चीफ बिजनेस ऑफिसर संजय अडेसरा ने कहा कि गुजरात जायंट्स अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे और गुजरात तथा पूरे भारत के फैंस को विश्वस्तरीय कबड्डी अनुभव प्रदान करेंगे। हम हमेशा से प्रतिभा को निखारने का मंच देने की फिलॉसफी पर चले हैं और टीम की औसत युवा आयु इसका प्रमाण है। हमारे कोचों के अनुभव के साथ हमारे लक्ष्य स्पष्ट हैं और टीम इस सीजन में शानदार प्रदर्शन देने के लिए तैयार हैं।

प्रो कबड्डी लीग का 12वां सीजन 29 अगस्त को विशाखापट्टनम में शुरू होगा। 12वें सीजन में गुजरात जायंट्स की टीम अपना पहला मुकाबला 30 अगस्त को यू मुम्बा की टीम के खिलाफ खेलेगी। इस सीजन गुजरात की टीम को कुल 18 लीग मैच खेलने हैं। 

यह भी पढे़ं:

भारत में होने वाले टूर्नामेंट से पाकिस्तान और ओमान हुए बाहर, इन 2 टीमों को मिली एंट्री

पहली बार एशिया कप के लिए चुने गए ये 7 भारतीय प्लेयर्स, सेलेक्टर्स ने खोल दी किस्मत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल