1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Indonesia Open 2025: पीवी सिंधु ने गंवाया मैच, राउंड-16 में हारकर टूर्नामेंट से हुईं बाहर

Indonesia Open 2025: पीवी सिंधु ने गंवाया मैच, राउंड-16 में हारकर टूर्नामेंट से हुईं बाहर

 Written By: Govind Singh
 Published : Jun 05, 2025 01:49 pm IST,  Updated : Jun 05, 2025 01:49 pm IST

पीवी सिंधु को इंडोनेशिया ओपन 2025 के प्री क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा और मैच हारने के बाद उनका टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया।

पीवी सिंधु- India TV Hindi
पीवी सिंधु Image Source : TWITTER

 

Indonesia Open 2025 PV Sindhu: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु पिछले कुछ समय से बहुत ही खराब फॉर्म से जूझ रही हैं। अब खराब फॉर्म का खामियाजा उन्हें इंडोनेशिया ओपन 2025 में हारकर चुकाना पड़ा। उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से करारी शिकस्त मिली और इसी के साथ वह टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

पीवी सिंधु ने की थी शानदार शुरुआत

पीवी सिंधु ने मैच में शानदार शुरुआत की थी और पहले गेम को 22-20 से अपने नाम किया था। उन्होंने इस गेम में आक्रामक शुरुआत की और विरोधी खिलाड़ी को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। उनके खेल का पोर्नपावी चोचुवोंग के पास कोई जवाब नहीं था। लेकिन दूसरे गेम में बाजी पूरी तरह से पलट गई, जब चोचुवोंग ने दमदार वापसी की और 10 अंकों की बढ़त हासिल करते हुए 21-10 से दूसरे गेम अपने नाम कर लिया।

तीसरे गेम में सिंधु ने की गलतियां

इससे मैच एक बार फिर बराबरी पर आ गया, जहां दोनों खिलाड़ी के पास जीतने का अच्छा मौका था, लेकिन पीवी सिंधु यहां पीछे रह गईं और चोचुवोंग ने जीत हासिल कर ली। आखिरी गेम में बढ़त हासिल करते हुए 21-18 से मैच अपने नाम कर लिया। इसी के साथ मैच भी जीत लिया। इस गेम में सिंधु ने कई गलतियां की, जिनकी वजह से उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।

नोजोमी ओकुहारा को दी थी शिकस्त

इससे पहले राउंड-32 में पीवी सिंधु ने नोजोमी ओकुहारा को मात दी थी। तब सिंधु ने 22-20, 21-23 और 21-15 से जीत हासिल की थी और अगले राउंड में जगह बनाई थी। लेकिन प्री-क्वार्टर फाइनल में वह इस लय को बरकरार रख पाईं। अभी उनके बाहर होने के बाद  भी भारत का अभियान जारी रहेगा। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, और महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद कोर्ट पर उतरेंगे।

भारत के लिए ओलंपिक में जीते दो मेडल

पीवी सिंधु ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली इकलौती भारतीय बैडमिंटन प्लेयर हैं। उन्होंने रियो ओलंपिक 2016 में सिल्वर और टोक्यो ओलंपिक 2020 में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। इसके अलावा वह वर्ल्ड चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ में भी गोल्ड जीत चुकी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल