हांगकांग ओपन 2025 में भारत की मौजूदा सर्वश्रेष्ठ पुरुष बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। सात्विक-चिराग की जोड़ी का मेंस डबल्स के क्वार्टर फाइनल में मुकाबला मलेशिया की जुनैदी आरिफ और रॉय किंग यप की जोड़ी से था, जिसमें तीन सेटों तक चले इस मैच को भारतीय जोड़ी ने 2-1 से अपने नाम किया और सेमीफाइनल में जगह पक्की की जहां पर अब उनका मुकाबला चाइनीज ताइपे की जोड़ी से होगा।
तीनों सेट में दिखी करीबी भिड़ंत
सात्विक-चिराग की जोड़ी को हांगकांग ओपन के क्वार्टर फाइनल मैच में मलेशिया की जोड़ी के खिलाफ काफी टक्कर मिली जिसमें पहले सेट को उन्होंने 21-14 से अपने नाम करने के साथ मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरे सेट में मलेशिया जोड़ी ने शानदार वापसी करने के साथ उसे 20-22 से जीता और इस मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। तीसरे और निर्णायक सेट में सात्विक और चिराग की जोड़ी ने एकतरफा अंदाज में खेल दिखाते हुए उसे 21-16 से अपने नाम किया और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब भारतीय जोड़ी का सेमीफाइनल में सामना चेन चेंग कुआन और लिन बिंग-वेई की चाइनीज ताइपे की जोड़ी से होगा।
लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी में से किसी एक को मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट
पुरुष डबल्स में जहां चिराग और सात्विक की जोड़ी ने सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया है तो वहीं मेंस सिंगल्स में सभी की नजरें भारत के 2 खिलाड़ियों के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच पर भी रहने वाली हैं। इस मुकाबले में लक्ष्य सेन का सामना हमवतन खिलाड़ी आयुष शेट्टी से होगा, जिसमें जो भी जीतेगा वह सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगा। बता दें कि राउंड ऑफ 16 में लक्ष्य सेन का सामना एचएस प्रणय से हुआ था जिसे उन्होंने 21-15, 18-21 और 10-21 से अपने नाम करने के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की थी। वहीं आयुष शेट्टी को लेकर बात की जाए तो उन्होंने राउंड ऑफ 16 में जापान के खिलाड़ी को 19-21, 21-12 और 14-21 से मात देने के साथ अगले राउंड में अपनी जगह बनाई।
ये भी पढ़ें
एशिया कप: भारतीय महिला हॉकी टीम को टूर्नामेंट में मिली पहली हार, चीन ने जीता मुकाबला
US ओपन जीतते ही कार्लोस अल्काराज पर हुई करोड़ों की बारिश, हारने वाले सिनर भी हुए मालामाल