Happy New Year Wishes Alert: आज से नया साल 2026 शुरू हो गया है और आपको निश्चित तौर पर नए साल की शुभकामनाएं वाले मैसेज मिल रहे होंगे। हालांकि हर एक मैसेज को खोलने से पहले आपको एक सावधानी के बारे में जान लेना चाहिए। हैदराबाद पुलिस और तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने व्हाट्सऐप यूजर्स को चेतवानी देते हुए उन्हें नए स्कैम के बारे में बताया है। इसके तहत हैप्पी न्यू ईयर की शुभकामना कहीं आपके लिए खतरनाक ना साबित हो जाए क्योंकि इसकी आड़ में साइबर क्रिमिनल्स आपके फेस्टिव मूड को बिगाड़ सकते हैं।
चेतावनी के मुताबिक नए साल की शुभकामनाओं से जुड़ा यह स्कैम उन भोले-भाले यूजर्स को निशाना बनाने के लिए बनाया गया है जो सिर्फ अपने दोस्तों और परिवार को नए साल की शुभकामनाएं देना चाहते हैं। यूजर्स को आमतौर पर एसएमएस या व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिलता है जिसमें उन्हें अपने नाम या फोटो के साथ एक पर्सनल नए साल का शुभकामना कार्ड बनाने के लिए एक लिंक पर टैप करने के लिए कहा जाता है। जैसे ही इस खतरनाक मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करेंगे तो आपके फोन को स्कैमर्स टेकओवर भी कर सकते हैं।
अगर यूजर लिंक पर क्लिक करता है, तो उसे एक ऐसे वेबपेज पर ले जाया जाता है जो उसे APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहता है। ये APK फाइलें नए साल की शुभकामनाओं वाले नामों से छिपी होती हैं, जैसे कि Happy New Year.apk। देखने में भले ही ये नुकसान रहित लगें लेकिन APK इंस्टॉल करने से मैलवेयर आपके फोन में आ सकता है और स्कैमर्स को डिवाइस में स्टोर संवेदनशील जानकारी तक पहुंच मिल सकती है। इस तरह नए साल की शुभकामनाएं भेजने की एक सिंपल कोशिश के तौर पर ये यूजर्स को साइबर क्राइम में फंसने की तरफ ले जा सकता है।
हैदराबाद साइबर क्राइम यूनिट के मुताबिक साइबर अपराधी इस घोटाले का फायदा उठाकर आपकी पर्सनल और बैंकिंग जानकारी चुरा सकते हैं, यूजर्स की प्राइवेसी हैक कर सकते हैं, फोन में मैलवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं और यहां तक कि डिवाइस पर अपना कंट्रोल भी हासिल कर सकते हैं। साइबर क्रिमिनल्स खतरनाक लिंक के जरिए खतरनाक ऐप्स भी इंस्टॉल कर सकते हैं. इसके बाद ऐप्स मोबाइल पर टेकओवर करके उसका एक्सेस दूर बैठे हैकर को दे सकते हैं।
इससे बचने के लिए किसी ऐसे लिंक पर क्लिक करने से बचें जो कि आपको किसी फाइल डाउनलोड करने पर ले जा रहा हो। इससे बचने का एक तरीका ये भी है कि अगर किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर भी दिया है तो तुरंत वाईफाई या मोबाइल इंटरनेट बंद कर दें जिससे वो फाइल ना डाउनलोड हो सके।
ये भी पढ़ें
iPhone 17 की कीमत धड़ाम, अब तक का सबसे बड़ा Price Cut, यहां मिल रहा तगड़ा ऑफर
संपादक की पसंद