Google Artificial Intelligence Data Centre: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने विशाखापत्तनम के पास गूगल के 15 अरब डॉलर के आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) डेटा सेंटर की मंगलवार को आधारशिला रखी। यह एक गीगावाट क्षमता वाला यह डेटा सेंटर भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे के विकास में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। गूगल के इस विशाल डेटा सेंटर को अडानीकनेक्स के साथ मिलकर डेवलप किया जा रहा है। अडानीकनेक्स जो अडानी एंटरप्राइजेज के साथ जॉइंट वेंचर में है और इस डेटा सेंटर के लिए गूगल के साथ मिलकर देश का सबसे बड़ा एआई डेटा सेंटर बनाने जा रहा है। कनेक्टिविटी के तौर पर इसमें सबसी केबल कनेक्टिविटी और हाई-स्पीड फाइर नेटवर्क शामिल होगा।
देश के सबसे बड़े एआई डेटा सेंटर में से एक
आधिकारिक बयान के मुताबिक यह देश के सबसे बड़े एआई डेटा सेंटर में से एक होगा और एडवांस्ड एआई क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर तथा बड़े पैमाने पर डेटा स्टोरेज क्षमता प्रदान करेगा। यह डेटा सेंटर तारलुवाड़ा, अदाविवरम और रामबिल्ली गांवों में करीब 600 एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। इसमें अन्य निजी भागीदार भी शामिल होंगे और इसका उद्देश्य राज्य में बहु-गीगावाट डिजिटल परिवेश विकसित करना है। राज्य सरकार ने दीर्घकालिक योजना के तहत करीब 6.5 गीगावाट क्षमता वाला डिजिटल परिवेश विकसित करने का लक्ष्य रखा है ताकि आंध्र प्रदेश को एक प्रमुख डेटा केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके। अदानीकनेक्स और एयरटेल की एनएक्सट्रा के साथ रणनीतिक साझेदारी में विकसित की गई यह परियोजना, विकसित भारत को शक्ति प्रदान करने के लिए गीगावाट-स्तरीय एआई इकोसिस्टम को बनाती है।
केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव भी थे मौजूद
केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव भी इस मौके पर मौजूद थे और उन्होंने यहां संबोधित करते हुए कहा कि "विशाखापत्तनम में इंडिया एआई हब के शिलान्यास समारोह में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के भारत को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी बनाने के विजन की झलक मिलती है। इस विजन को साकार करने में आंध्र प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू जी के समर्थन और प्रतिबद्धता के लिए हम आभारी हैं। विशाखापत्तनम में स्थित इंडिया एआई हब और तीन सबसी केबल देश की प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना साबित होंगे। भारत पर लगातार विश्वास बनाए रखने के लिए गूगल का धन्यवाद।
कब तक चालू होगा ये डेटा सेंटर
यह सेंटर जुलाई 2028 तक चालू होने की उम्मीद है। यह सेंटर AI, क्लाउड सर्विस और हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूती देगा और देश के एआई इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाएगा।
ये भी पढ़ें