1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. iPhone चोरी होने या खोने के बाद तुरंत हो जाएं सतर्क! सरकार ने दी बड़े खतरे की चेतावनी

iPhone चोरी होने या खोने के बाद तुरंत हो जाएं सतर्क! सरकार ने दी बड़े खतरे की चेतावनी

 Reported By: Devendra Parashar, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : May 23, 2026 08:58 pm IST,  Updated : May 23, 2026 08:58 pm IST

सरकार ने ऐसे iPhone यूजर्स को नए फिशिंग स्कैम से सतर्क रहने की चेतावनी दी है जिनका फोन खो गया है या चोरी हो गया है। ठग चोरी या खोए iPhone के मालिकों को फर्जी Apple Support SMS भेजकर Apple ID, पासवर्ड और OTP चुरा रहे हैं।

iPhone phishing scam, Apple ID scam, stolen iPhone warning, iPhone cyber fraud- India TV Hindi
सरकार ने iPhone यूजर्स के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL

नई दिल्ली: केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाली नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने iPhone यूजर्स के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है। अपराधी अब चोरी हुए या खोए iPhone को आसानी से अपना बनाने के लिए एक नया और खतरनाक फिशिंग अभियान चला रहे हैं। यह अभियान उन लोगों को निशाना बना रहा है जिनका iPhone हाल ही में खो गया है या चोरी हो गया है और अपराधियों के पास है। अपराधी खुद को Apple सपोर्ट बताकर फर्जी SMS भेजते हैं और लोगों की घबराहट का फायदा उठाते हैं।

कैसे काम कर रहे हैं अपराधी?

  1. टारगेट चुना जाता है: वे उन लोगों को चुनते हैं जिनका iPhone हाल में खोया या चोरी हुआ है और उनका फोन ठगों के पास मौजूद है।
  2. फर्जी SMS भेजा जाता है: यूजर्स को अंतरराष्ट्रीय नंबर वाले SMS हेडर से Apple Support या 'Find My Device' की तरफ से मैसेज आता है। इसमें लिखा होता है कि आपका खोया हुआ फोन अस्थायी रूप से बंद है या तुरंत संपर्क, फोटो और डेटा मिटाने के लिए एक्शन लें।
  3. फर्जी वेबसाइट पर ले जाया जाता है: जब यूजर लिंक पर क्लिक करता है तो वह एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जो बिल्कुल असली Apple Support या iCloud लॉगिन पेज जैसी दिखती है।
  4. Apple ID और OTP चोरी: इस फर्जी पेज पर यूजर से Apple ID और पासवर्ड मांगा जाता है। इसके बाद OTP (One-Time Password) या 2FA कोड भी लिया जाता है।
  5. डिवाइस पर कब्जा: सारी जानकारी मिलने के बाद अपराधी iCloud अकाउंट में घुस जाते हैं, चोरी हुए फोन से Apple ID हटा देते हैं। इसके बाद जालसाज 'Find My iPhone' को बंद कर देते हैं और फोन को बिना किसी रोक-टोक के बेच देते हैं या इस्तेमाल करते हैं।

ठगों के चक्कर में आने से कैसे बचें?

NCTAU ने लोगों को ठगों के चक्कर में आने से बचने के लिए कुछ सावधानियां बरतने को कहा है, जैसे:

  • SMS में आए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें, खासकर अंतरराष्ट्रीय नंबर वाले मैसेज में।
  • URL को अच्छे से चेक करें, कभी भी अनजान वेबसाइट पर पासवर्ड या OTP न डालें।
  • खोए या चोरी हुए मोबाइल को CEIR पोर्टल पर तुरंत ब्लॉक करवाएं।
  • OTP किसी को भी न बताएं और अनवेरिफाइड साइट पर न डालें।
  • हमेशा आधिकारिक Apple वेबसाइट का इस्तेमाल करें: https://www.icloud.com/find
  • Apple ID से डिवाइस हटाने से पहले अच्छे से जांच करें और 'Find My iPhone' हमेशा चालू रखें।
  • Two-Factor Authentication (2FA) जरूर सक्रिय रखें, मजबूत पासवर्ड इस्तेमाल करें और डिवाइस को हमेशा अपडेट रखें।
  • फिशिंग का शिकार होने पर तुरंत https://cybercrime.gov.in/ पर रिपोर्ट करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।

सरकार ने साफ कहा है कि आपकी जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। फर्जी लिंक और OTP की चोरी से बचकर ही आप अपने Apple अकाउंट और डिवाइस को सुरक्षित रख सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Tech News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें टेक