iQOO Z11 और iQOO Z11x 5G ग्लोबली लॉन्च हो गए हैं। Vivo के सब ब्रांड के ये दोनों फोन दमदार बैटरी और जबरदस्त फीचर्स से लैस हैं। आईकू ने अपने इन दोनों फोन को मलेशिया में लॉन्च किया है। जल्द ही, ये दोनों फोन भारत समेत अन्य मार्केट में पेश किए जा सकते हैं। iQOO Z11 सीरीज के ये दोनों फोन 9020mAh तक की दमदार बैटरी के साथ आते हैं। कंपनी ने पिछले मॉडल iQOO Z10 के मुकाबले इसमें बड़ा हार्डवेयर अपग्रेड किया है।
iQOO Z11 के फीचर्स
आईकू का यह फोन 6.83 इंच के AMOLED डिस्प्ले के साथ आता है। फोन के डिस्प्ले का रेजलूशन 1.5K है और यह 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 5000 निट्स तक की है। इस फोन में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 8GB तक रैम और 256GB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। हालांकि, चीन में कंपनी ने इसका 12GB रैम वाला वेरिएंट भी लॉन्च किया है।
iQOO Z11 में 9,020mAh की बैटरी दी गई है, जिसके साथ 90W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। फोन में सिलिकन कॉर्बन बैटरी का इस्तेमाल किया गया है, जिसकी वजह से यह देखने में काफी स्लिम है। इसके बैक में डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है। iQOO Z11 के बैक में 50MP का मेन और 2MP का सेकेंडरी कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32MP का कैमरा दिया गया है।
iQOO Z11x के फीचर्स
यह फोन 6.76 इंच के LCD डिस्प्ले पर काम करता है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलता है। कंपनी ने इस फोन में MediaTek Dimensity 7400 Turbo चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 8GB रैम और 256GB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है। यह फोन 7,200mAh की दमदार बैटरी और 44W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। इस फोन के बैक में भी 50MP का मेन और 2MP का डेप्थ सेंसर दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32MP का कैमरा मिलेगा। ये दोनों फोन IP68 और IP69 रेटेड हैं। साथ ही, ये Android 16 पर बेस्ड OriginOS पर काम करते हैं।
कितनी है कीमत?
iQOO मुख्य तौर पर अपने बजट फ्रेंडली गेमिंग स्मार्टफोन के लिए जाना जाता है। कंपनी के ये फोन 144Hz रिफ्रेश रेट वाले डिस्प्ले के साथ आते हैं। iQOO के ये दोनों फोन दो स्टोरेज वेरिएंट्स- 8GB RAM + 256GB और 12GB RAM + 256GB में आते हैं। iQOO Z11 की शुरुआती कीमत RM 1899 (लगभग 45,000 रुपये) है। वहीं, iQOO Z11x की शुरुआती कीमत RM1,299 (लगभग 31,000 रुपये) है।
यह भी पढ़ें - OnePlus 16 में होगा बड़ा अपग्रेड? 200MP कैमरा, 9000mAh बैटरी के साथ हो सकता है लॉन्च