OnePlus India Operations: वन प्लस भारत में अपना कारोबार बंद करने की योजना बना रही है? ये चौंकाने वाली खबर अचानक ऑनलाइन तैरने लगी तो वन प्लस के फैंस को भारी चिंता होने लगी कि क्या वाकई ऐसा होने वाला है। वन प्लस के लिए भारत एक बेहद बड़ा बाजार है और इसके रेवेन्यू का बड़ा हिस्सा भारतीय बाजार से आता है। ऐसे में अगर इसके भारतीय ऑपरेशंस बंद करने की खबरें आएंगी तो चिंता स्वाभाविक है। अच्छी बात ये है कि अब वन प्लस ने इसको लेकर स्पष्टीकरण जारी कर दिया है और खुद वन प्लस इंडिया के सीईओ Robin Liu (रॉबिन लियू) ने इन खबरों को गलत और भ्रामक बताया है।
जैसे ही वन प्लस के भारतीय ऑपरेशन्स को बंद करने वाली खबरें आईं, कंपनी से इन खबरों की सच्चाई बताने की मांग उठने लगी। इसके बाद वन प्लस इंडिया के सीईओ Robin Liu ने एक्स पर आकर इस खबर को लेकर साफ तौर पर कहा कि ये पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आकर पोस्ट किया और कहा कि अफवाहें पूरी तरह झूठी और गलत हैं, लोगों को ऐसी किसी भी बात पर यकीन नहीं करना चाहिए जो कंपनी की ओर से आधिकारिक तौर पर नहीं आई हो या कंपनी के वैलिड सोर्स की तरफ से ना हो। उन्होंने जोर दिया कि- हम पहले की ही तरह ऑपरेट कर रहे हैं और लगातार करते रहेंगे..Never Settle, ये पूरी तरह साफ है।
इसके बाद एक आधिकारिक बयान में भी उन्होंने कहा कि भारत में कारोबार बंद करने की अफवाहें गलत हैं और ये भी कहा कि भारत में बिजनेस अच्छा चल रहा है। उन्होंने सभी से (इसमें यूजर्स, पार्टनर्स और यहां तक कि मीडिया शामिल हैं) कहा कि किसी भी ऐसी खबर को फैलाने से पहले फैक्ट्स को डबल चेक करना चाहिए जो कन्फर्म नहीं है।
क्यों सामने आई वन प्लस के कारोबार बंद करने की खबरें
दरअसल कुछ ऑनलाइन न्यूज रिपोर्ट्स में ये खबर चल रही थी कि वनप्लस अपना भारतीय कारोबार बंद करने वाली है और इसके लिए कंपनी ने तैयारी शुरू कर दी है। Android Headlines ने इस खबर को ऑनलाइन पेश किया। न्यूज पोर्टल ने इसके पीछे कारण बताया कि कंपनी की सेल्स गिर रही हैं और प्रोडक्ट्स कैंसिल हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि ये खबर उन्हें वनप्लस के ही किसी अज्ञात इनसाइडर से मिली है। इसके बाद कई और न्यूज रिपोर्ट्स मे इस खबर का हवाला देते हुए ऐसी ही खबरें चलाईं।
भारत के वन प्लस फैंस के लिए क्या है आगे की राह?
भारत के वन प्लस फैंस या खरीदारों के लिए कोई चिंता की बात नहीं है और भारतीय अपना वन प्लस फोन या सपोर्ट पहले की ही तरह हासिल करते रहेंगे। वन प्लस फोन्स की बिक्री हो रही है और सॉफ्टवेयर अपडेट पहले की ही तरह आ रहे हैं। इसके अलावा आफ्टर सेल सर्विस भी पहले की ही तरह जारी रहने वाली है। वन प्लस भारत नहीं छोड़ रही है और इसके इंडियन बिजनेस बंद करने की खबरें केवल भ्रामक अफवाहें साबित हुई हैं.
ये भी पढ़ें
खत्म हो रहा OnePlus का युग? सामने आई एक रिपोर्ट ने हिला दिया पूरा टेक मार्केट!