8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग की कई खबरें पिछले काफी समय से आ रही हैं और इनके बारे में जानने के लिए सरकारी नौकरीपेशा से लेकर आम सैलरीक्लास वर्ग तक सभी उत्सुक रहते हैं। स्कैमर्स या ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले साइबर फ्रॉडस्टर्स भी इस बात को जानते हैं और इसका फायदा उठाने के लिए उन्होंने इसका सहारा लेने की कोशिशें की हैं जिससे एक नए स्कैम को अंजाम दिया जा रहा है। साइबर अपराधी WhatsApp पर फर्जी सैलरी कैलकुलेटर लिंक बनाकर शेयर कर रहे हैं जिनपर क्लिक करते ही यूजर्स के मोबाइल की पहुंच उस साइबर अपराधी तक हो जाती है और उन्हें यूजर्स के फोन का पूरा ऐक्सेस मिल जाता है। आप भी जानें किस तरह से साइबर अपराधी इस अपराध को अंजाम दे रहे हैं और आपको इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए-
कैसे हो रहा है ये स्कैम
साइबर फ्रॉडस्टर्स ने 8वें वेतन आयोग के नाम पर फर्जी सैलरी कैलकुलेटर लिंक बना लिए हैं जो दावा करते हैं कि इनके जरिए आप आप 8वें वेतन आयोग लागू होने के बाद आपकी सैलरी कितनी बढ़ जाएगी, इसका अनुमान लगा सकते हैं। इस WhatsApp मैसेज के साथ एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है जो आपके फोन में जाते ही आपके फोन का एक्सेस साइबर अपराधी को दे सकती है। कई बार ये WhatsApp मैसेज, SMS या सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आते हैं और आपको APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। अगर आपने ये डाउनलोड कर ली तो आपके फोन का एक्सेस, बैंक जानकारी और पर्सनल डेटा तक साइबर क्रिमिनल्स तक पहुंच जाता है। कभीकभार इस मैसेज में नाम, मोबाइल नंबर आधार जैसी डिटेल्स भरने को कहा जाता है और जैसे ही आप ये करते हैं तो साइबर अपराधी इस डेटा का गलत यूज कर लेते हैं।
सरकार और साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने मोबाइल फोन यूजर्स को ऐसे मैसेज से सावधान रहने के लिए कहा है और अलर्ट किया है कि ये एक गंभीर किस्म का क्राइम है जिसके जरिए आपकी पर्सनल जानकारी की डिटेल्स चुराई जा सकती हैं और इनकी मदद से आपका बैंक अकाउंट भी खाली हो सकता है।
गलती से लिंक पर क्लिक हो जाए तो क्या करें
गलती से किसी लिंक पर क्लिक कर दिया तो घबराने की बजाए इससे निपटने के उपाय के बारे में सोचें। गलत लिंक पर क्लिक किया तो सबसे पहले अपने बैंक को सूचित करें और तुरंत नेटबैंकिंग और डेबिट-क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक करा दें।
नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके जानकारी दें।
नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
अपने बैंकिंग और फोन के पासवर्ड और सिक्योरिटी फीचर बदल लें।