1. Hindi News
  2. टेक
  3. न्यूज़
  4. UPS और Inverter में क्या अंतर है? घर या ऑफिस में किसे यूज करना है फायदेमंद?

UPS और Inverter में क्या अंतर है? घर या ऑफिस में किसे यूज करना है फायदेमंद?

 Written By: Harshit Harsh @HarshitKHarsh
 Published : May 28, 2026 04:47 pm IST,  Updated : May 28, 2026 04:47 pm IST

क्या आपने किसी ऑफिस या घर में UPS लगा देखा है? यह इन्वर्टर की तरह ही काम करता है, लेकिन इससे कितना अलग होता है? आइए जानते हैं...

UPS vs Inverter- India TV Hindi
UPS vs Inverter Image Source : UNSPLASH

UPS और Inverter दोनों ही बार-बार बिजली कटौती के दौरान घरों और दफ्तरों में एक पावर बैकअप के तौर पर काम करते हैं लेकिन इन दोनों में बहुत बड़ा अंतर है, जिसके बारे में ज्यादातर लोग नहीं जानते हैं। क्या आपने भी किसी साइबर कैफे या ऑफिस में UPS लगा देखा है? वहां इन्वर्टर का इस्तेमाल न के बराबर होता है, जबकि इन्वर्टर भी एक पावर बैकअप अप्लायंस है, जो पावर कट में लगातार बिजली की सप्लाई देता है। आइए, जानते हैं ऐसा क्यों होता है...

इन्वर्टर क्या होता है?

इन्वर्टर एक इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस है, जो बैटरी से मिलने वाली DC यानी डायरेक्ट करेंट को AC यानी अल्टर्नेटिंग करेंट में बदल देता है। साथ ही, यह AC को DC में बदलकर बैटरी को चार्ज भी करता है। घर में चलने वाले ज्यादातर उपकरण AC पर ही काम करते हैं। ऐसे में पावर कट होने पर भी यह लगातार बिजली की सप्लाई जारी रखता है। यह बैटरी में स्टोर की गई इलेक्ट्रिसिटी के जरिए पावर सप्लाई बरकरार रखता है।

UPS क्या होता है?

जैसा कि नाम से साफ है कि इसका मतलब अनइन्टरप्टेड पावर सप्लाई यानी बिना रूकावट के पावर सप्लाई जारी रखने वाला डिवाइस। यह भी इसमें मौजूद बैटरी के DC को AC में कन्वर्ट करके पावर सप्लाई जारी रखता है। साथ ही, AC को DC में बदलकर बैटरी को चार्ज करते रहता है। हालांकि, यह इन्वर्टर से बिलकुल अलग होता है और अलग तरीके से काम करता है।

UPS vs Inverter: क्या है अंतर?

UPS में बहुत छोटी बैटरी का इस्तेमाल किया जाता है, जो छोटी-मोटी पावर कट और वोल्टेज के उतार-चढ़ाव को कंट्रोल करके अप्लायंसेज को निरंतर पावर सप्लाई देता रहता है। इसका इस्तेमाल PC, TV, WiFi Router जैसे छोटे अप्लायंसेज के लिए किया जाता है। इसका पावर बैकअप 10 से 30 मिनट तक का ही होता है। इसकी खास बात ये है कि इसमें पावर को स्विच करने में महज 2 से 10 मिलीसेंकेंड का टाइम लगता है, जिसकी वजह से पावर कट होने से डिवाइस खराब नहीं होते हैं।

वहीं, Inverter का इस्तेमाल पूरे घर का लोड चलाने के लिए किया जाता है। इसे खास तौर पर उन जगहों पर इस्तेमाल किया जाता है, जहां बिजली की ज्यादा कटौती होती है और कई अप्लायंसेज यूज हो रहे हो। Inverter का पावर बैकअप 4 से 10 घंटे तक रहता है। हालांकि, यह पूरी तरह दिए जाने वाले लोड पर निर्भर करता है। इसके अलावा इसमें पावर स्विच होने में 300 से 500 मिलीसेकेंड का समय लगता है, जो UPS के मुकाबले ज्यादा है।

अगर, आपके एरिया में बिजली की कटौती ज्यादा देर तक रहती है तो आपको Inverter ही लगाना चाहिए। हालांकि, आप PC, WiFi Router, CCTV कैमरों आदि के लिए UPS का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये डिवाइसेज पावर कट होने पर भी सुरक्षित रहेंगे और इन्हें लगातार बिजली मिलती रहेगी।

यह भी पढ़ें - 7500mAh बैटरी, 16GB रैम के साथ लॉन्च हुआ REDMAGIC गेमिंग फोन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Tech News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें टेक