1. Hindi News
  2. टेक
  3. टिप्स और ट्रिक्स
  4. WhatsApp पर नया स्कैम, 'No' लिखते ही खाली होगा बैंक अकाउंट, कैसे बचें?

WhatsApp पर नया स्कैम, 'No' लिखते ही खाली होगा बैंक अकाउंट, कैसे बचें?

 Written By: Harshit Harsh
 Published : Oct 15, 2026 08:56 am IST,  Updated : Oct 15, 2026 08:56 am IST

WhatsApp पर नए तरीके के स्कैम ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। बिना OTP और पासवर्ड शेयर किए ही यह स्कैम हो रहा है, जिसकी वजह से लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है।

Whatsapp New Scam- India TV Hindi
वॉट्सऐप का नया स्कैम Image Source : UNSPLASH

WhatsApp के करोड़ों यूजर्स को नए तरीके के स्कैम को लेकर सावधान रहना चाहिए। वॉट्सऐप पर आए मैसेज का 'No' रिप्लाई करते ही आपका बैंक अकाउंट पूरी तरह से खाली हो सकता है। तेलंगाना की हैदराबाद पुलिस ने इसे लेकर लोगों को चेतावनी जारी है। हाल ही में एक चार्टेड अकाउंटेंट ने इस स्कैम की वजह से लाखों रुपये गंवा दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, हैदराबाद पुलिस कमीशनर ने लोगों को इस स्कैम से सतर्क रहने के लिए कहा है और बचने की सलाह दी है।

बिना OTP, पासवर्ड बताए हो रहा फ्रॉड

हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, इन दिनों फ्रॉड करने वाले इस नए तरीके के स्कैम के जरिए लोगों को टारगेट कर रहे हैं। हैदराबाद सिटी पुलिस कमीशनर वीसी सज्जानार ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस स्कैम में बिना OTP शेयर किए और लिंक पर क्लिक किए ही आप साइबर फ्रॉड का शिकार हो सकते हैं। ऐसे में यह नया स्कैम काफी खतरनाक है। आपकी एक छोटी सी गलती से आप अपनी जिंदगी भर की कमाई गवां सकते हैं।

कैसे होता है WhatsApp का 'No' स्कैम?

फ्रॉड करने वाले लोगों को वॉट्सऐप पर एक इंटरनेशनल या अंजान नंबर से मैसेज भेजा जाता है। इस मैसेज में छिपे हुए लिंक और मालवेयर होते हैं, जो आपके रिप्लाई करते ही एक्टिवेट हो जाते हैं। एक बार मालवेयर एक्टिवेट हो जाता है तो फिर आपके फोन से निजी जानकारियां चुराई जाती है और चुपके से बैंक अकाउंट खाली कर दिया जा सकता है। इसमें स्कैमर्स OTP और पासवर्ड बाईपास करके अकाउंट में सेंध लगाते हैं, ताकि लोगों को पता न चल सके।

आपके वॉट्सऐप पर आए मैसेज में लिखा होता है कि आपके अकाउंट से पैसे कट गए हैं या डेबिट हो गए हैं। अगर, आपने ट्रांजैक्शन नहीं किया है तो 'No' रिप्लाई करें। लोग 'No' रिप्लाई करके अपने फोन का एक्सेस हैकर्स को दे देते हैं। फिर साइबर फ्रॉड का शिकार बन जाते हैं।

कैसे बचें?

इस तरह के स्कैम से बचने के लिए लोगों को किसी भी इंटरनेशनल या अंजान नंबर से आने वाले मैसेज को एंटरटेन नहीं करना चाहिए।

अगर, आपको लगे कि यह स्कैम हो सकता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आप Sanchar Saathi ऐप या वेबसाइट के जरिए भी इसे रिपोर्ट कर सकते हैं।

इसके अलावा आप अपने फोन में एंटी वायरस भी इंस्टॉल करके रखें। यह फोन पर आने वाले किसी भी वायरस या मालवेयर को ब्लॉक करने का काम करेगा। इससे फोन का एक्सेस ब्लॉक होगा और आप फ्रॉड से बच सकेंगे।

यह भी पढ़ें - Acer ने लॉन्च किया दो डिस्प्ले वाला फोन, 20GB रैम के साथ मिलेगा 64MP कैमरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Tips and Tricks से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें टेक।