1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी पर हमला, पवन कल्याण और KTR सहित विपक्ष ने उठाए सवाल

चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी पर हमला, पवन कल्याण और KTR सहित विपक्ष ने उठाए सवाल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Feb 10, 2025 07:46 pm IST,  Updated : Feb 10, 2025 07:46 pm IST

रंगारेड्डी जिले में मौजूद प्रसिद्ध चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी पर हमले के बाद अब विपक्ष ने सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी पर हमला।- India TV Hindi
चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी पर हमला। Image Source : FACEBOOK

हैदराबाद: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में स्थित चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी पर हमले का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक सात फरवरी को मंदिर के पुजारी रंगराजन के आवास आवास पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला किया था। इसी मामले में रविवार को पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि रंगराजन की शिकायत के आधार पर मोइनाबाद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। 

दंडित करने के लिए किया हमला

वहीं मंदिर संरक्षण आंदोलन के संयोजक और रंगराजन के पिता एम. वी. सुंदरराजन ने रविवार को एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि इक्ष्वाकु वंश के वंशज होने का दावा करने वाला एक समूह अपनी निजी सेना बनाकर उन लोगों को दंडित करने के लिए राम राज्य स्थापित करना चाहता है जो ‘उनके मिशन या एजेंडे को स्वीकार नहीं करते हैं।’ उन्होंने कहा कि उन्होंने ‘संवैधानिक राम राज्य की अवधारणा को गलत समझा है’। 

साथ जुड़ने से इनकार करने पर मारपीट

सुंदरराजन ने आरोप लगाया कि रंगराजन द्वारा उनके साथ जुड़ने से इनकार किए जाने पर उसके साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट की गई। बता दें कि हैदराबाद के बाहरी इलाके में स्थित प्रसिद्ध चिलकुर बालाजी मंदिर भगवान बालाजी को समर्पित एक प्राचीन मंदिर है। रंगराजन अनुसूचित जातियों और अन्य लोगों की सेवा जैसे अपने सुधार उपायों के लिए भी प्रसिद्ध हैं। 

पवन कल्याण ने कहा दुर्भाग्यपूर्ण

वहीं आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी पर कथित हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी सी. एस. रंगराजन ने पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में कहा कि तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के चिलकुर स्थित मंदिर परिसर के पास उनके घर में लगभग 20 लोगों की भीड़ घुस आई और उनके साथ धक्का-मुक्की की। 

हिंदू आस्था की रक्षा के प्रयासों पर हमला

वहीं रंगराजन के पिता एम. वी. सुंदरराजन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भीड़ का लक्ष्य अपने मिशन के लिए निजी सेनाएं बनाना और उनके एजेंडे को स्वीकार न करने वालों को दंडित करना है। इस मामले पर पवन कल्याण ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चिलकुर बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण है। यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है बल्कि हिंदू आस्था की रक्षा के प्रयासों पर भी हमला है।’’ 

वास्तविक उद्देश्यों का पता लगाने की मांग

पवन कल्याण ने आगे कहा कि वह इस घटना से बहुत दुखी हैं। अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि इसे किसी व्यक्ति पर हमले के बजाय आस्था की रक्षा के प्रयासों पर हमले के रूप में देखा जाना चाहिए। जनसेना प्रमुख ने पुलिस से आग्रह किया कि वह राम राज्यम नामक संगठन से जुड़े होने का दावा करने वाले सदस्यों द्वारा किए गए हमले के पीछे के वास्तविक उद्देश्यों का पता लगाए। 

बंदी संजय कुमार ने मंदिर के पुजारी से की बात

इसके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने सोमवार को कहा कि उन्होंने मंदिर के पुजारी से बात की और हाल ही में एक समूह द्वारा उन पर किए गए हमले के बाद उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। वहीं बीआरएस और विश्व हिंदू परिषद ने भी पुजारी पर हमले की निंदा की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। 

पुजारी का फोन पर जाना हाल

बंदी संजय कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हाल ही में हुए हमले के बाद चिलकुर के पुजारी से फोन पर बात की और उनका हालचाल जाना। उनके स्वास्थ्य को लेकर प्रार्थना की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।’’ वहीं बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव और पार्टी के अन्य नेताओं ने चिलकुर बालाजी मंदिर के पुजारी सी. एस. रंगराजन से उनके आवास पर मुलाकात की। 

के. टी. रामा राव ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

के. टी. रामा राव ने आरोप लगाया कि यह हमला राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है और उन्होंने राज्य सरकार से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, रंगराजन के परिजन को सुरक्षा प्रदान करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। 

विश्व हिंदू परिषद ने संपूर्ण हिंदू समाज पर हमला बताया

इस बीच, विश्व हिंदू परिषद ने रंगराजन पर हमले को मंदिर की पूरी व्यवस्था, पुजारियों, सामाजिक सुधारों और ‘संपूर्ण हिंदू समाज’ पर हमला करार दिया। विहिप की तेलंगाना इकाई ने एक बयान में सरकार से हमले की गहन जांच करने, हमलावर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करने की मांग की। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

मणिपुर में सीएम के इस्तीफे के बाद उथल-पुथल जारी, संबित पात्रा ने BJP विधायकों के साथ की बैठक

'कुछ दिनों तक प्रयागराज जाने से बचें', CM ने राज्य के लोगों से की अपील; भारी ट्रैफिक को लेकर कही ये बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।