1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. सुरंग हादसे की जगह पर पहुंचे सीएम रेवंत रेड्डी, हालात का लिया जायजा; जानें क्या बोले

सुरंग हादसे की जगह पर पहुंचे सीएम रेवंत रेड्डी, हालात का लिया जायजा; जानें क्या बोले

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 03, 2025 07:09 am IST,  Updated : Mar 03, 2025 07:09 am IST

तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने नगरकुरनूल में धंसी हुई सुरंग का मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने वहां पर स्थिति को देखा और कहा कि राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है।

घटनास्थल पर पहुंचे सीएम रेवंत रेड्डी।- India TV Hindi
घटनास्थल पर पहुंचे सीएम रेवंत रेड्डी। Image Source : REVANTH_ANUMULA/X

हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को एसएलबीसी परियोजना में धंसी हुई सुरंग का दौरा किया। वहां उन्होंने हालात का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि एसएलबीसी परियोजना की आंशिक रूप से ध्वस्त सुरंग में अभी तक उस स्थल की सटीक जानकारी नहीं है जहां आठ लोग फंसे हुए हैं। सरकार बचाव अभियान में तेजी लाने के प्रयास कर रही है। नागरकुरनूल जिले में दुर्घटनास्थल का दौरा करने के बाद सीएम रेड्डी ने कहा कि क्षतिग्रस्त ‘कन्वेयर बेल्ट’ की मरम्मत के बाद बचाव अभियान में तेजी आएगी। गाद निकालने में मददगार ‘कन्वेयर बेल्ट’ के सोमवार तक ठीक हो जाने की उम्मीद है। 

स्थिति का नहीं चल रहा पता

सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा, ‘‘बचावकर्मी इस बात को पूरी तरह से नहीं समझ पा रहे हैं कि लोग और मशीन कहां फंसे हुए हैं। उनके पास केवल प्रारंभिक अनुमान है।’’ उन्होंने कहा कि सरकार ने बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे अधिकारियों को सुझाव दिया है कि यदि आवश्यक हो तो सुरंग के अंदर रोबोट का उपयोग किया जाए, ताकि बचावकर्मियों को किसी भी तरह के खतरे से बचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार फंसे लोगों को निकालने के लिए दृढ़ है और पीड़ित परिवारों की सहायता करने के लिए भी तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रैट माइनर्स’ ने राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (एनजीआरआई) द्वारा फंसे हुए लोगों के संभावित स्थान के रूप में पहचाने गए स्थानों पर खुदाई की, लेकिन इसमें किसी भी मानव की उपस्थिति का पता नहीं चला। 

कीचड़ और पानी से आ रही बाधा

सीएम ने आगे कहा कि सुरंग के अंदर भरे कीचड़ और पानी के कारण बचाव अभियान में बाधा आई है। उन्होंने कहा कि अभियान को एक निश्चित चरण तक पहुंचने में दो-तीन दिन और लग सकते हैं तथा उसके बाद ही बचावकर्मी आगे की कार्रवाई के बारे में बता पाएंगे। दुर्घटना को नौ दिन हो चुके हैं और अंदर फंसे कर्मियों की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि वह केवल बचाव अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ही कुछ कह सकते हैं। इस मामले पर बयान देना जल्दबाजी होगा। बता दें कि श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) सुरंग की छत ढहने से उसके नीचे 22 फरवरी से आठ लोग (इंजीनियर और श्रमिक) फंसे हुए हैं और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जोर-शोर से जारी है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

'अपनी पार्टी खत्म कर रहीं मायावती', कांग्रेस नेता ने बसपा कार्यकर्ताओं से की ये अपील

होली से पहले सीएम योगी ने शराब की दुकानों को लेकर दिया खास निर्देश, जानिए क्या कहा?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।